दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सुरक्षा गार्ड की मौत पर मचा बवाल

Admin Delhi 1
28 March 2022 2:47 PM GMT
दिल्ली: तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सुरक्षा गार्ड की मौत पर मचा बवाल
x

दिल्ली एक्सीडेंट न्यूज़: क्रॉसिंग रिपब्लिक में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 2 सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। निजी अस्पताल में इलाज के दरम्यान एक गार्ड की मौत हो गई। इससे गुस्साए नागरिकों ने सोमवार को हाउसिंग सोसाइटी परिसर में जमकर हंगामा किया। हादसे के बाद से आरोपी महिला फरार है।

महागुन मस्कट सोसाइटी की घटना: सोसाइटी प्रबंधन द्वारा पीड़ित पक्ष को 5 लाख की आर्थिक मदद और एक सदस्य को नौकरी की पेशकश किए जाने पर बवाल शांत हो सका। उधर, पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है। गाजियाबाद के विजय नगर थानांतर्गत क्रॉसिंग रिपब्लिक की महागुन मस्कट सोसाइटी में यह मामला सामने आया है।

एक गार्ड की मौत, दूसरा घायल: पुलिस के मुताबिक कुरेंद्र निवासी डूंडाहेड़ा महागुन मस्कट सोसाइटी में सुरक्षा गार्ड थे। वह मूल रूप से हरदोई के रहने वाले थे। गत 21 मार्च को सुरक्षा गार्ड कुरेंद्र और सुरेंद्र को सोसाइटी परिसर में कार ने टक्कर मार दी थी। रेजीडेंट रिचा गुप्ता कार चला रही थी। हादसे में घायल दोनों गार्डों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नाराज नागरिकों ने किया हंगामा: जहां 27 मार्च की देर शाम कुरेंद्र ने दम तोड़ दिया था। नतीजन सोमवार की सुबह डूंडाहेड़ा गांव के नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र होकर महागुन मस्कट पहुंचे। सोसाइटी में कार्यरत कर्मचारियों के साथ मिलकर नागरिकों ने हंगामा मचा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी कार चालक पर कार्रवाई व पीड़ित पक्ष को आर्थिक मदद देने की पुरजोर मांग की।

5 लाख देगा सोसाइटी प्रबंधन: विवाद बढ़ता देख सोसाइटी प्रबंधन को हस्तक्षेप करना पड़ा। मैनेजमेंट ने दिवंगत कुरेंद्र के आश्रितों को 5 लाख रुपए देने के अलावा परिवार के एक सदस्य को प्रतिमाह 10 हजार रुपए की नौकरी दिए जाने का भरोसा दिलाया। तब जाकर मामला शांत हो पाया।

पुलिस ने जब्त की कार: उधर, पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी महिला के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार को जब्त किया जा चुका है। सोसाइटी परिसर में महिला द्वारा कार चलाना सीखने के आरोप की जांच भी पुलिस कर रही है। इसके पहले रविवार की रात भी इस मामले पर खासा बवाल मचा था।

Next Story