दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: आनंद विहार में दुष्कर्म पीड़िता द्वारा केस वापस न लेने पर मारपीट

Admin Delhi 1
26 March 2022 3:45 PM GMT
दिल्ली: आनंद विहार में दुष्कर्म पीड़िता द्वारा केस वापस न लेने पर मारपीट
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: आनंद विहार इलाके में दुष्कर्म पीड़िता के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोपित के परिवार ने युवती के गले पर चाकू रखकर उसके साथ मारपीट की। इन्होंने धमकी दी कि यदि पांच अप्रैल तक वह केस वापस नहीं लेगी तो परिवार उसकी जान ले लेगा। वारदात के बाद से पीड़िता बुरी तरह सहमी हुई है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करने के बाद सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक 21 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ आनंद विहार इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता, भाई व भाभी हैं। गत 9 फरवरी को पीड़िता अपने घर पर अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में घुसकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर अगले ही दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। तभी से आरोपी जेल में बंद हैं।

पीड़िता ने बताया कि 23 मार्च को वह अपनी भाभी के साथ किसी काम से बाहर निकली थी। इस बीच रास्ते में उसे आरोपी के माता-पिता व बहन मिले। इन लोगों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दिया। युवती की गर्दन पर चाकू रखकर पांच अप्रैल तक केस वापस लेने की बात की गई। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता को जमकर पीटा। वारदात के बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता की भाभी ने उसे बचाने का प्रयास किया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Next Story