दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली : मामूली बात को लेकर पति-पत्नी में हुआ झगड़ा, महिला ने की आत्महत्या

Tara Tandi
30 July 2023 7:56 AM GMT
दिल्ली : मामूली बात को लेकर पति-पत्नी में हुआ झगड़ा, महिला ने की आत्महत्या
x
राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में शुक्रवार रात पति से झगड़ा होने के बाद नाराज एक महिला घर से निकल गई। शनिवार सुबह महिला का शव मूनक नहर के एक पेड़ से लटका हुआ मिला। छानबीन के बाद पुलिस ने बताया कि महिला ने खुदकुशी की है। पुलिस उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच कर रही है।मृत महिला की शिनाख्त हेमलता के रूप में हुई है। वह अपने पति दीपक और दो बच्चों के साथ खेड़ा खुर्द गांव में रहती थी। दीपक पेशे से ट्रक ड्राइवर है। शुक्रवार देर रात दीपक ने बवाना थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत की। उसने बताया कि चाय बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। उसके बाद हेमलता घर छोड़कर निकल गई। काफी तलाश के बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला।
पुलिस ने घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिससे पता चला कि महिला एक राहगीर से लिफ्ट लेकर बवाना स्थित हनुमान मंदिर के पास आई। जहां से वह नहर की ओर चली गई। रात में बारिश होने की वजह से महिला का पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह खेत में गए एक किसान ने पुलिस को बताया कि पेड़ पर एक महिला का शव लटका हुआ है।
महिला की पहचान हेमलता के रूप में हुई। महिला के पैर में मिट्टी लगी हुई है। वहीं पेड़ पर भी मिट्टी लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि महिला ने पेड़ पर चढ़कर खुद ही चुन्नी से फंदा बनाने के बाद खुदकुशी कर ली। जांच में पता चला कि दंपति का अकसर झगड़ा होता था।
Next Story