- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Delhi पुलिस ने किया 15...
Delhi पुलिस ने किया 15 साल पुराने 'न्यूयॉर्क रोहित चौधरी गैंग' का खुलासा

New Delhi.नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच ने हर्ष विहार थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार बदमाश मोहम्मद जावेद को गिरफ्तार किया है। वह कुख्यात गैंगस्टर रोहित चौधरी गैंग का शूटर है और पिछले पांच साल से फरार चल रहा था। वह सराय रोहिल्ला में दिनदहाड़े गैंगस्टर सुंदर की हत्या समेत कई मामलों में शामिल रहा है। डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक मोहम्मद जावेद ज्वालापुरी, नांगलोई का रहने वाला है। वह 2017 में मंडोली जेल में गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित था। 28 जून 2017 को मोहम्मद जावेद और कुछ अन्य कैदियों ने मंडोली जेल के अंदर गौरव कोहली नामक कैदी पर चाकू और पेचकस से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। गौरव कोहली सुंदर गैंग से जुड़ा था। हर्ष विहार पुलिस ने चार आरोपियों महेश, महावीर, मोहम्मद जावेद और संदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस सिर्फ महेश को ही गिरफ्तार कर पाई थी।
जिसके चलते अन्य आरोपियों को भगोड़ा घोषित कर चार्जशीट दाखिल कर दी गई थी। तभी से मोहम्मद जावेद वांछित चल रहा था। जांच के बाद एसीपी नरेश सोलंकी और इंस्पेक्टर अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 मई को नांगलोई से जावेद को गिरफ्तार किया। वह पश्चिम विहार थाने का हिस्ट्रीशीटर है। 2013 से 2024 तक वह रोहित चौधरी गैंग का सक्रिय सदस्य रहा और गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई संगीन अपराध किए। 2015 में उसने रोहित चौधरी और रवि ज्ञानेश्वर के साथ मिलकर इंद्रलोक रेड लाइट पर सुंदर की हत्या कर दी। यह वारदात रोहित चौधरी और सुंदर के बीच रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी, क्योंकि सुंदर ने तिहाड़ जेल में रोहित चौधरी के करीबी अर्जुन की हत्या कर दी थी। जावेद के खिलाफ दिल्ली, यूपी और राजस्थान में बंदूक की नोक पर लूट, हत्या, हत्या के प्रयास आदि के 15 मामले दर्ज हैं।





