- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली पुलिस क्राइम...
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने चार साल बाद लूट के आरोपी को किया गिरफ़्तार
सिटी क्राइम न्यूज़: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल की टीम ने एक ऐसे भगोड़े को गिरफ्तार किया है, जो लूट के मामले में सजा मिलने के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस की नजरों में आने से बचने के लिए दिल्ली से फरार होकर वह मथुरा के अपने गांव में छुपकर रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी बिलाल मूल रूप से यूपी के मथुरा का रहने वाला है। पुलिस ने इसे इसके गांव से गिरफ्तार किया है, जहां यह मजदूर का काम करता था।
डीसीपी राजेश देव ने बताया कि 2015 में लाजपत नगर थाना इलाके में हुई एक लूट के मामले में इसे मुख्य आरोपी बनाते हुए इसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी बेल पर बाहर निकला था, बेल पर रहने के के दौरान ही 11 जनवरी 2018 को साकेत कोर्ट ने उसे मामले में दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी। पर आरोपी वापस जेल जाने के बजाय बेल जंप कर फरार हो गया। शुरुआत के कुछ समय तक वह अपने गांव के आस पास छुपकर रहा करता था। बाद में अपने गांव में ही रहने लगा और मजदूरी करनेे लगा था। इधर कोर्ट ने उसे इस मामले में भगोड़ा घोषित कर दिया। इसी दौरान क्राइम ब्रांच को आरोपी के मजदूर के रूप में अपने गांव में ही रह रहे होने की सूचना मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए एसीपी सुशील कुमार, इंस्पेक्टर गोविंद चौहान और इंस्पेक्टर अमित प्रकाश की देखरेख में एसआई मनोज कुमार, एएसआई कुलदीप सिंह, रोहित सोलंकी और हेड कांस्टेबल गुरविंदर सिंह की टीम का गठन किया गया। जानकारी के आधार पर इसके गांव के पास पहुंची। जहां उन्होंने गुप्त सूत्रों से जानकारियों को विकसित करने के साथ टेक्निकल सर्विलांस का भी सहारा लिया। इन से मिली जानकारियों में आरोपी के गांव के पास स्थित हथिया गांव में उसके होने की पुष्टि हुई। जिस पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर यूपी के मथुरा से आरोपी को दबोच लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर दिया, जहां से उसे कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।