दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने पहले किया दुष्कर्म फिर धर्म बदल किया निकाह

Admin Delhi 1
31 May 2023 4:39 AM GMT
दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने पहले किया दुष्कर्म फिर धर्म बदल किया निकाह
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल और उसके परिवार ने दिल्ली में ऊपर के फ्लैट में रहने वाली युवती को सेवई में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। इसके बाद भाई की हत्या की धमकी देकर जबरन धर्म परिवर्तन करा निकाह कर लिया। 11 वर्ष तक पीड़िता को नशे की गोलियां खिलाकर बंधक बनाकर रखा गया और यातनाएं दी गईं। इतना ही नहीं युवती को श्रद्धा की तरह टुकड़े करने की धमकी दी। इस दौरान सगे देवर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। चंगुल से छूटकर हापुड़ अपने दादा के घर पहुंची पीडि़ता ने मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।

नगर कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2012 में वह दिल्ली के एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। उसके दादा हापुड़ के एक मोहल्ले में जबकि माता-पिता व भाई दिल्ली में एक फ्लैट में रहते थे। उसके नीचे वाले फ्लैट में कय्यूम अली अपने परिवार के साथ रहता था। कय्यूम का पुत्र वसीम दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।

पीड़िता ने बताया कि वसीम की मां जमीला अक्सर मुस्लिम धर्म की बातें उससे करती थी। आरोप है कि एक दिन जमीला ने उसे अपने फ्लैट पर बुलाया और धोखे से सेवई में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब वह बेहोश हो गई तो वसीम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर उसे दुष्कर्म की जानकारी हुई।

इसके बाद आरोपियों ने उसके भाई की हत्या की धमकी देकर डराया धमकाया और धर्म बदलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने 28 दिसंबर 2012 को मौलवी के जरिए उसका निकाह वसीम से करा दिया और इस दौरान कई दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर भी ले लिए। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वे फ्लैट को छोड़कर चले गए और वह डर के कारण वहीं रह गई।

परिवार के जाने के बाद आरोपियों ने जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उसका मुस्लिम नाम रख दिया। 25 अप्रैल 2015 को उसने पुत्र को जन्म दिया था। आरोप है कि इसके बाद पति उसे नशीली दवा खिलाकर यातनाएं देने लगा। उसे बंधक बनाकर रखा जाता और पति अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता। जिससे वह अवसाद से भी ग्रस्त हो गई।

महिला का आरोप है कि जब उसने आरोपियों के कृत्यों का विरोध किया तो आरोपी पति ने श्रद्धा हत्याकांड की तरह उसके शरीर के भी 36 टुकड़े करने की धमकी दी। उसके देवर ने भी उसके साथ डरा धमका कर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति कई हिंदू युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन करा चुका है।

11 मई 2023 को वसीम रात 11.30 बजे घर पहुंचा। इस दौरान उसने अपनी सरकारी पिस्टल के कवर की रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से बच निकली और हापुड़ अपने दादा के घर पहुंची। मामले में पीड़ित ने 12 मई को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला बड़ा होने के कारण हापुड़ पुलिस ने इसे दबाए रखा।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि मामले में वसीम, जमीला, कयूम, आरिफ, अजहरुद्दीन और शाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस दबिश दे रही है।

Next Story