दिल्ली-एनसीआर

Delhi पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़

Ratna Netam
3 July 2026 4:45 PM IST
Delhi  पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़
x
करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

New Delhi नई दिल्ली : अमेजन के गुरुग्राम वेयरहाउस के लिए भेजी जा रही वीवो मोबाइल फोन की खेप से करीब 1500 मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दिल्ली पुलिस की द्वारका जिले की सेक्टर-23 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर बुलंदशहर स्थित एक बाग से 604 नए वीवो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह ट्रांजिट के दौरान महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की खेप को निशाना बनाकर चोरी करता था और बाद में अपने नेटवर्क के जरिए बाजार में सप्लाई कर देता था।द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 20 जून को सेक्टर-23 थाने में गोदाम प्रबंधक रवि की शिकायत पर ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि करीब 4500 नए वीवो मोबाइल फोन ट्रक में लोड कर गुरुग्राम स्थित अमेजन वेयरहाउस भेजे जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में ट्रक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 1500 मोबाइल फोन की खेप गायब कर दी। इसके बाद ट्रक को शेष सामान सहित गुरुग्राम में छोड़ दिया गया और आरोपी फरार हो गए।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह एक संगठित गिरोह है, जो ट्रांसपोर्ट के दौरान महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान की रेकी करता था। जैसे ही मौका मिलता, ये लोग खेप से बड़ी मात्रा में सामान निकाल लेते थे और उसे छिपाकर अलग-अलग जगहों पर स्टोर कर लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बुलंदशहर के एक बाग में छापेमारी कर 604 नए वीवो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस का कहना है कि बाकी चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए भी तलाश जारी है।अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार कई राज्यों में फैले हो सकते हैं। पुलिस अब इसके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच कर रही है ताकि अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सके।इस कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक सेक्टर में होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Next Story