दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: पुलिस ने कंझावला हत्याकांड में छानबीन के बाद दो आरोपित को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
23 April 2022 12:50 PM GMT
दिल्ली: पुलिस ने कंझावला हत्याकांड में छानबीन के बाद दो आरोपित को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेटेड: रोहिणी जिले के कंझावला इलाके में बीते मंगलवार को एक युवक का शव बरामद हुआ था। वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान राजकुमार उर्फ रमन और कार्तिक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मृतक और आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद कर लिये हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीते मंगलवार को कंझावला पुलिस को वर्धमान एन्क्लेव, शिव विहार, कराला में पानी से भरे खाली मैदान में नग्न हालत में एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव के शरीर पर चोट के काफी ज्यादा निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया। एसएचओ जरनैल सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने आरोपितों को पकड़ने के लिये जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों और पुलिस स्टेशनों से संपर्क कर शव की पहचान करने की कोशिश की। जिसकी पहचान शिव विहार कराला में रहने वाले एक परिवार ने जोगिन्द्र के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वारदात के आने जाने वाले रूटों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। परिजनों से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानने की कोशिश की।

फुटेज में पकड़े गए दोनों आरोपित संदिग्ध हालत में दिखाई दिये। जिनके संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। एक पुख्ता सूचना के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार उर्फ रमन बलदेव विहार कराला जबकि उसका साथी कार्तिक मंगल बाजार रोड शिव मन्दिर बेगमपुर का रहने वाला है। आरोपितों से पूछताछ करने पर पता चला कि कार्तिक के साथ मृतक से पहले से ही निजी मुद्दों पर रंजिश चल रही थी। जोगिन्द्र को सबक सीखाने के लिये राजकुमार का साथ लिया। वारदात वाले दिन जोगिन्द्र की दोनों ने बुरी तरह से पिटाई की और उसके चेहरे पर ईंट मारकर उसकी पहचान भी छुपाने की कोशिश की थी।

Next Story