दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: पुलिस ने हैदराबाद से ट्रांसपोर्ट कारोबारी से सात करोड़ रुपये ठगने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
22 April 2022 1:37 PM IST
दिल्ली: पुलिस ने हैदराबाद से ट्रांसपोर्ट कारोबारी से सात करोड़ रुपये ठगने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेटेड: दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ट्रांसपोर्टेशन करने के नाम पर एक कंपनी से सात करोड़ की ठगी करने वाले आरोपित को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपित की ठगी के चलते पीड़ित को लगभग सात करोड़ का नुकसान हुआ था। पुलिस से बचने के लिए आरोपित ने अपना नाम बदल लिया और लगातार अपने ठिकाने भी बदल रहा था। भारत से फरार होने के लिए आरोपित फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवा रहा था। आर्थिक अपराध शाखा की संयुक्त आयुक्त छाया शर्मा के अनुसार, एक निजी ट्रांसपोर्टेशन कंपनी की निदेशक उपमा शर्मा की तरफ से एक शिकायत आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि जे.साईं कृपा नाम से संदीप तिलवानी नामक शख्स भी ट्रांसपोर्टेशन का कारोबार करता है। उसने चावल के 640 कंटेनर भेजने के लिए उनकी कंपनी में बुकिंग कराई थी। उनका विश्वास जीतने के लिए संदीप ने शुरुआती पेमेंट उन्हें भेजी, लेकिन बाद में उसने बकाया रकम खाते में नहीं भेजी। संदीप ने सामान के अन्य बिल उनसे मांगे और इसकी टेलीग्राफिक पेमेंट की फोटो उन्हें भेजी, लेकिन यह रकम उनके पास नहीं पहुंची थी। इसकी वजह से उन्हें लगभग सात करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने सभी साक्ष्य इकट्ठा किए। व्हाट्सएप चैट से पता चला कि संदीप तिलवानी ने कंटेनर बुक करने के लिए उन्हें कहा था। शुरुआत में उसने पेमेंट भी दी लेकिन बाद में रकम नहीं दी। उसने टेलीग्राफिक ट्रांसफर के सबूत उन्हें भेजे थे, लेकिन वास्तव में खाते में कोई पैसा नहीं आया था। उधर, उसने सामान भिजवाने वाले लोगों से यह रकम ले ली थी। जांच के दौरान पुलिस टीम को पता चला कि वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। पुलिस को जानकारी मिली कि वह हैदराबाद में छुपा हुआ है। इस जानकारी पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बीते एक साल में अपने तीन ठिकाने बदल चुका था। उसने समर कुमार के नाम से अपने दस्तावेज भी बनवाए थे। उसका वास्तविक पासपोर्ट 2019 में बैंकॉक में जब्त हो गया था। इसके बाद वह अवैध तरीके से भारत लौटा था। उसने नया पासपोर्ट समर कुमार के नाम से बनवाने के लिए दस्तावेज जमा कराए थे। वह भारत छोड़कर भागने की फिराक में था। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि वह अपनी दोस्त के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। उसने हैदराबाद से बीकॉम किया है।

Next Story