दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: पुलिस ने रानी बाग गोली कांड में लिप्त चार आरोपित को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
25 March 2022 4:36 PM IST
दिल्ली: पुलिस ने रानी बाग गोली कांड में लिप्त चार आरोपित को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेटेड: बाहरी जिले के रानी बाग थाना पुलिस ने बीते सोमवार को युवक पर गोली चलाने और उसकी व उसके साथियों की पिटाई करने की वारदात में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान लक्ष्य दहिया उर्फ सनी, मयंक माथुर उर्फ मिंकू, नीतीश शर्मा उर्फ मोटा ओर नमन दहिया के रूप में हुई है। आरोपितों के कब्जे से दो कारतूस जब्त किये हैं। डीसीपी समीर शर्मा ने बताया कि बीते सोमवार को रानी बाग थाने में गोली चलाने और मारपीट होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता आनंद बेनीवाल ने आरोप लगाया कि रविवार के दिन जब वह शिव बाजार के पास अपने दोस्त राहुल, दीपू बेनीवाल और अन्य लोगों के साथ खड़ा था। तभी कुछ लड़के बाइक और कार में आए। जिन्होंने वाहन से उतरकर उनके साथ गाली गलौच व झगड़ा करना शुरू कर दिया।

विरोध करने पर एक युवक ने राहुल पर गोली चला दी। राहुल गोली से बचकर भाग गया। जबकि आरोपितों ने उसे बाकी साथियों को जबरन पकड़कर पीट पीटकर अधमरा कर दिया। जब तक लोग मौके पर पहुंच पाते,आरोपित धमकी देकर अपने वाहनों से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पहुंचकर सभी को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर से पुलिस को एक कारतूस का खोल व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एसीपी वीरेंद्र कादयान की देखरेख में पुलिस टीम को आरोपितों को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस टीम ने वारदात के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और राहुल से पूछताछ कर आरोपितों के बारे में जानने की कोशिश की। जिसमें पता चला कि दोनों पक्षों में पैसों के लेनदेन को लेकर रंजिश चल रही थी। राहुल ने वारदात करने वाले कुछ आरोपितों के बारे में जानकारी दी। जिनके ठिकानों पर छापेमारी की गई। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से पूछताछ करने पर पता चला कि बदले की भावना से वारदात को अंजाम दिया। अभी कुछ आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Next Story