- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली: पुलिस ने...
दिल्ली: पुलिस ने ढिचाऊं कलां से शातिर चोर को किया गिरफ्तार

कैपिटल क्राइम न्यूज़: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दिल्ली के ढिचाऊं कलां इलाके में एक गोदाम में चोरी की गाड़ियों के अलग-अलग हिस्से कर उन्हें स्पेयर पार्ट्स बाजार में बेचने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त गोदाम से चोरी की चार गाड़ियों के अलग-अलग हिस्से बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपित को चोरी की गाड़ियां सप्लाई करने वाले वाहन चोरों की तलाश कर रही है। अपराध शाखा के डीसीपी रोहित मीणा के अनुसार पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक गैंग चोरी की गाड़ियों के अलग-अलग हिस्से कर उन्हें बेच देता है। उन्हें ढिचाऊं कला गांव स्थित गोदाम से पकड़ा जा सकता है। सूचना को पुख्ता कर एसीपी अभिनेन्द्र जैन की देखरेख में टीम ने ढिचाऊं कलां के गोदाम में छापा मारा। वहां पर एक युवक को चोरी की गाड़ी के अलग-अलग हिस्से करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान अमरप्रीत सिंह उर्फ राजा के रूप में की गई।
इस गोदाम की तलाशी में काफी मात्रा में चोरी हुई गाड़ियों के हिस्से बरामद हुए। अब तक इन हिस्सों की मदद से चोरी की चार गाड़ियां कनेक्ट हुई हैं। पूछताछ के दौरान आरोपित अमरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बीकॉम ग्रैजुएट है। वह ढिचाऊं कला गांव में खाली प्लॉट पर कबाड़ का काम करता था। वह पहले विभिन्न शोरूम से पुरानी गाड़ियां लेकर उनके अलग-अलग हिस्से करता था और उन्हें स्पेयर पार्ट डीलर को बेच देता था। इस दौरान अनिल गौतम और अनिल कुमार से ओएलएक्स ऐप के जरिए वह मिला। उन्होंने उसे चोरी की गाड़ियां सस्ते रेट पर देने की बात कही। चोरी की गाड़ियों को लेकर वह उनके अलग-अलग हिस्से करता था और स्पेयर पार्ट में बेच देता था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि अनिल गौतम और अनिल कुमार दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न इलाकों से गाड़ियां चोरी कर उसे सस्ती कीमत पर बेच देते थे। अमरप्रीत सिंह इस गोदाम में उन्हें अलग-अलग हिस्सों में करता था और फिर बाजार में बेच देता था। अमरप्रीत सिंह के खिलाफ पुराना कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल इस मामले में पुलिस उसे चोरी की गाड़ियां सप्लाई करने वाले दोनों बदमाशों की तलाश कर रही है।





