- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- ECI मार्च को लेकर...
दिल्ली-एनसीआर
ECI मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट, जंतर-मंतर पर भी कड़ी निगरानी
nidhi
6 Oct 2026 7:26 AM IST

x
विपक्ष के मार्च से पहले ECI दफ्तर के बाहर सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली: विपक्षी INDIA गठबंधन के प्रस्तावित मार्च से पहले मंगलवार, 6 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग (ECI) मुख्यालय और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है और कई स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई है।
INDIA गठबंधन के सांसद आज निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक मार्च करने वाले हैं। विपक्ष का यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) से जुड़े विवादों को लेकर चल रहे व्यापक विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है। मार्च को देखते हुए पुलिस ने ECI मुख्यालय के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत किया है। संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए हैं। जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और SIR प्रक्रिया तथा Form-6 को लेकर सवाल उठा रहे हैं। दूसरी ओर निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि Form-6 में बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि उसके साथ एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र जोड़ा गया है। दिल्ली में बीते कुछ दिनों से चुनाव आयोग और मतदाता सूची संशोधन के मुद्दे पर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इससे पहले जंतर-मंतर क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की घटनाएं भी सामने आई थीं। 5 अक्टूबर को संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
पुलिस का फोकस इस बार मार्च को नियंत्रित तरीके से संभालने और ECI कार्यालय के आसपास किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने पर है। हालांकि मार्च के दौरान कितने सांसद और कार्यकर्ता शामिल होंगे, इसका वास्तविक आंकड़ा कार्यक्रम शुरू होने के बाद ही साफ होगा।
Next Story





