- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली: JNU के हॉस्टल...
दिल्ली: JNU के हॉस्टल में बाथरूम की छत गिरने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल

दिल्ली न्यूज़ लेटेस्ट: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रावास में वीरवार सुबह बाथरूम की छत का एक हिस्सा गिरने से एक छात्र घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह हादसा जेएनयू के साबरमती छात्रावास में हुआ। अखिल भारतीय छात्र संघ (आईसा) की कार्यकर्ता मधुरिमा कुंडू ने कहा कि इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है।
जेएनयू प्रशासन ने धन की कमी का दिया हवाला: आईसा पदाधिकारी मधुरिमा
यह छात्रावास के वार्डन और डीन की ओर से आपराधिक लापरवाही का एक स्पष्ट मामला है। मधुरिमा कुंडू ने कहा कि हमने बार-बार छात्रावास के जीर्ण-शीर्ण बुनियादी ढांचे और अधिकारियों के सामने छत के हिस्से गिरने का मुद्दा उठाया लेकिन जेएनयू प्रशासन धन की कमी होने का हवाला देकर इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रहा है। विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि नमी के कारण बाथरूम की छत का हिस्सा गिर गया। इस हादसे में जर्मन भाषा की पढ़ाई करने वाला बीए द्वितीय वर्ष का एक छात्र घायल हो गया।
छात्रावासों में पुराने ढांचों को है मरम्मत की जरूरत: जेएनयू अधिकारी
जेएनयू के अधिकारी ने कहा कि छात्र को मामूली चोटें आईं हैं और उसे छात्रावास के वार्डन द्वारा सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया अब वह ठीक है। उसका एक्स-रे किया गया, जिससे पता चलता है कि सब कुछ ठीक है। घायल छात्र की सीटी स्कैन की रिपोर्ट का इंतजार है। अधिकारी ने कहा कि विश्वविद्यालय और छात्रावासों में बुनियादी ढांचे के मुद्दे हैं, विशेष रूप से जो पुराने है। उन्हें मरम्मत की आवश्यकता है।





