- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली न्यूज़: राजधानी...
दिल्ली न्यूज़: राजधानी के स्कूलों में लौटी रौनक, जानिए क्या क्या हुआ स्कूल में

दिल्ली एजुकेशन न्यूज़: राजधानी में सोमवार से सभी कक्षाओं के लिए निजी स्कूल खोल दिए गए हैं। पहले-दूसरे दिन स्कूल पहुंचे बच्चों का स्कूलों ने अलग अलग तरीके से स्वागत किया। सोमवार को पहले दिन दोस्तों से मिलकर अपने परिसर में वापस आकर बच्चे बहुत खुश नजर आए। क्योंकि दो वर्षों से वह घर से ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे और घर कभी स्कूल का विकल्प नहीं बन सकता।
दोनों दिन गर्मी से परेशान रहे अभिभावक: हालांकि नौनिहालों को दोनों दिन छोडऩे लेने आए अभिभावकों को गर्मी ने काफी परेशान किया। कोई छाता लेकर बच्चे को लेकर जाता नजर आया। तो कोई रिक्शे में बच्चे को बिठाए नजर आया। ज्यादातर निजी स्कूलों ने पहले हफ्ते में अकादमिक सत्र 2022-23 की गतिविधियों को शुरू करने के बजाय बच्चों के स्कूल में पूरी तरह सेट हो जाने को तवज्जो दी है। जिसके लिए उन्हें डांसिंग, सिगिंग जैसी गतिविधियां और तरह-तरह के खेल खिलाए गए।
बच्चों ने डांसिंग, सिंगिंग सहित कई गतिविधियों में लिया भाग: लाइब्रेरी में जाकर बच्चों ने अखबार और पसंदीदा किताबें पढ़ीं। विद्या बाल भवन स्कूल मयूर विहार फेज 3 में छठवीं कक्षा की छात्रा तनिष्का ने कहा कि दो साल बाद मैं अपने दोस्तों से मिली मुझे बहुत खुशी हुई। 8वीं कक्षा की प्रणाली बहुखंडी ने कहा कि दो साल से ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे स्कूल आकर पढऩा बहुत अच्छा लगा। नए स्कूल में दाखिला लेने वाले एक अन्य छात्रा भावना सिंह ने कहा कि मेरा पहले दिन मैंने नए दोस्त बनाए। स्कूल को देखा शिक्षकों से पहचान की। 8वीं के छात्र मयंक ने कहा कि मैंने नए सिलेबस को समझा है। खेल के मैदान में गया था वहां कुछ देर खेला भी।
एक हफ्ते तक फन लर्निंग रहेगी जारी: ज्योति अरोड़ा
रोहिणी स्थित माउंट आबू स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति अरोड़ा ने कहा कि स्कूल फिर से सभी बच्चों के लिए खोल दिया गया। पहला दिन उत्साह और जोश से भरपूर रहा। सभी बच्चों को एक हफ्ते तक हम फन लर्निंग गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। स्कूल बहुत जल्द परिवहन सुविधा भी बच्चों के लिए शुरू करने जा रहा है।
पहले-दूसरे दिन रही अच्छी उपस्थिति: सतवीर शर्मा
मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन के प्रिंसिपल सतवीर शर्मा ने कहा कि सारी तैयारी के साथ स्कूल को सभी बच्चों के लिए खोल दिया गया है। पहले दूसरे दिन हमें बहुत अच्छी उपस्थिति देखने को मिली है। पहले दिन हमने आनंद मयी गतिविधियों के जरिए बच्चों को स्कूल के माहौल में ढालने की कोशिश की है। छोटे बच्चों को भी खेल युक्त गतिविधियां कराई गई हैं। पहले दिन स्कूल के अंदर ही अभिभावक बुलाकर बच्चों को भेजा गया।
स्कूलों ने परिवहन फीस बढ़ाई, प्राइवेट स्कूल वैन की सोच रहे अभिभावक : अपराजिता गौतम
स्कूल खुलने पर दिल्ली अभिभावक संघ की अपराजिता गौतम ने कहा कि परिवहन को लेकर अभिभावक परेशान नजर आए। कुछ अभिभावकों ने कार पूल का विकल्प चुना। कुछ ने प्राइवेट ऑटो टैक्सी किराए पर की। दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों की सुविधा हटा ली है। इसलिए और स्कूलों में सोमवार को अभिभावक लाने ले जाने में ज्यादा परेशान नजर आए। क्योंकि स्कूल बस का किराया कई स्कूलों ने 1500 से बढ़ाकर 3500 महीना कर दिया है। इसलिए कई सारे अभिभावक प्राइवेट कैब का विकल्प चुन रहे हैं।
पहले दिन बांटी गई स्कूलों में कॉपी किताबें : जैन
दिल्ली पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के आर सी जैन ने कहा कि पहले दिन कॉपी किताबें स्कूलों ने बच्चों को बांटी। नया अकादमिक सत्र है यह प्रक्रिया अप्रैल में जारी रहेगी। हालांकि किसी स्कूल द्वारा किसी अभिभावक को स्कूल की ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य करने का मामला सामने नहीं आया। दो साल बाद स्कूल पहुंचे बच्चे बहुत खुश नजर आए। आल इंडिया पैरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि दो साल बाद स्कूल पहुंचे बच्चों ने खूब एं'वाय किया। अभिभावक भी खुश नजर आए। उम्मीद है दोबारा ऐसी स्थिति नहीं बनेगी।





