- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Delhi NCR: ग्रेटर...
Delhi NCR: ग्रेटर नोएडा से देहरादून तक नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी जोरों पर

एनसीआर न्यूज़: दिल्ली और देहरादून को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे का काम तेजी से चल रहा है। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र ढाई घंटे में तय हो जाएगी। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा से देहरादून तक नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी भी जोरों पर है। इस एक्सप्रेसवे का नाम अपर गंगा नहर एक्सप्रेसवे है, जिसकी योजना करीब 11 साल पहले यानी 2013 में बनाई गई थी।
अपर गंगा नहर एक्सप्रेस-वे बनाने की योजना 11 साल पहले 2013 में तैयार की गई थी, लेकिन कई कारणों से यह योजना सफल नहीं हो सकी। अब सरकार ने इस योजना पर फिर से काम करने का निर्णय लिया है। यह एक्सप्रेसवे नोएडा और ग्रेटर नोएडा को सीधे देहरादून से जोड़ेगा, जिससे यात्रा बहुत आसान हो जाएगी। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। कैनाल एक्सप्रेसवे आठ लेन का होगा।
परियोजना कब पूरी होगी?
कैनाल एक्सप्रेसवे ग्रेटर नोएडा से शुरू होगा और सनोटा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पुरकाजी होते हुए सीधे देहरादून पहुंचेगा। इसमें 23.5 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे भी शामिल है, जो दक्षिण-पश्चिम मेरठ को डीएफसी टर्मिनल सुविधा और मेरठ हवाई अड्डे से जोड़ेगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग 24 के निकट डासना के पास 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क का भी निर्माण किया जाएगा। कहा जा रहा है कि यह परियोजना 2025 तक पूरी हो जाएगी।
इस पर 8700 करोड़ रुपये खर्च होंगे: इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 147.8 किलोमीटर होगी। जिसके लिए सरकार ने 8700 रुपए का बजट तय किया है। यह बुलंदशहर के सनोटा पुल से शुरू होकर गंग नहर के किनारे-किनारे मुजफ्फरनगर के पुरकाजी तक जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल कनेक्टिविटी बढ़ेगी बल्कि रियल एस्टेट, वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों का विकास भी होगा। इस एक्सप्रेसवे से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मेरठ और मुजफ्फरनगर के लाखों लोगों को फायदा होगा। इस योजना के शुरू होने से लोग काफी खुश नजर आ रहे हैं।





