दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली एनसीआर: पुलिस ने टशनबाजी में गोली चलाने वाले युवक को किया गिरफ्तार, जानिए पूरी खबर

Admin Delhi 1
27 April 2022 12:20 PM GMT
दिल्ली एनसीआर: पुलिस ने टशनबाजी में गोली चलाने वाले युवक को किया गिरफ्तार, जानिए पूरी खबर
x

दिल्ली एनसीआर क्राइम न्यूज़: हवाबाजी और टशन में गोली चलाने वाले एक बदमाश को गोकुलपुरी थाना पुलिस ने दबोचा है। पकड़े गए आरोपित की पहचान उत्तरांचल कालोनी, लोनी गाजियाबाद निवासी अरुण कुमार (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, चार कारतूस और चोरी की एक बाइक बरामद की है। आरोपित अपने साथी नवीन पहाड़ी के साथ मिलकर इलाके में गोली चलाकर दहशत फैला रहा था। पुलिस इसके साथी नवीन की तलाश कर रही है। छह अप्रैल को आरोपित ने शराब देने से इंकार करने पर एक कैफे के बाहर गोली चला दी थी। पुलिस की कई टीम तभी से आरोपित की तलाश कर रही थीं। उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी संजय कुमार सैन ने बताया कि 6 अप्रैल को महाराजा कैफे लोनी रोड के बाहर गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार मिले। जितेंद्र ने बताया कि काले रंग की बाइक पर सवार होकर दो युवक कैफे पहुंचे थे। आरोपितों ने वहां शराब की डिमांड की। मना करने पर आरोपित गोली चलाकर वहां से फरार हो गए।

गोकुलपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि ठीक इसी तरह की घटना में 25 मार्च को काले रंग की बाइक सवार आरोपितों ने गोकुलपुरी में ही बाइक स्पेयर पार्ट्स कारोबारी पर गोली चला दी थी। दोनों ही मामलों में आरोपितों का हूलिया एकदम एक सा था। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। इस दौरान 26 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित अशोक नगर फ्लाई ओवर, वजीराबाद के पास आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने काले रंग की बाइक सवार युवक को जांच के लिए रोका। उसके पास से एक पिस्टल व चार कारतूस बरामद हुए। बाइक भी ज्योति नगर इलाके से चोरी मिली। पूछताछ के दौरान आरोपित ने दोनों वारदातों में अपना हाथ होने की बात कबूल की। आरोपित ने बताया कि उसने नवीन पहाड़ी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों हवाबाजी और टशन के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। अरुण के खिलाफ यूपी में चार और दिल्ली में एक मामला पहले से दर्ज है।

Next Story