दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली एनसीआर न्यूज़: पुलिस ने पार्टियों में ड्रग्स पहुंचाने वाले दो भाई को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
6 April 2022 3:50 PM IST
दिल्ली एनसीआर न्यूज़: पुलिस ने पार्टियों में ड्रग्स पहुंचाने वाले दो भाई को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली एनसीआर क्राइम न्यूज़: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दिल्ली-एनसीआर में आयोजित होने वाली पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान करण खन्ना और सिद्धांत खन्ना के रूप में हुई है। वर्ष 2019 में इनके खिलाफ अपराध शाखा ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में दोनों भाई फरार चल रहे थे। अपराध शाखा के डीसीपी रोहित मीणा के अनुसार अपराध शाखा की टीम फरार चल रहे बदमाशों को लेकर काम कर रही थी। पता चला कि आरोपित छतरपुर इलाके में छिपे हुए हैं। इस जानकारी पर एसीपी संतोष कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी, एसआई रोबिन त्यागी और एएसआई सचिन कुमार की टीम ने छतरपुर स्थित जेवीटीएस गार्डेन में छापा मारा। यहां से पुलिस ने सिद्धांत खन्ना और करण खन्ना को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित सिद्धांत खन्ना ने पुलिस को बताया कि उसका जन्म देहरादून में हुआ था। वह 9वीं कक्षा तक पढ़ा है। उसके पिता बार और रेस्तरांं चलाते थे। वह जब छह साल का था तो उसका परिवार दिल्ली आ गया।

2012 में उसके पिता का देहांत हो गया था। इसकी वजह से उनका कारोबार बंद हो गया। मनाली घूमने के दौरान उसकी मुलाकात राजेश उर्फ डॉक्टर से हुई थी, जो उसे चरस सप्लाई करने लगा। जल्द ही वह पार्टी सर्कल में जाने लगा और वहां चरस सप्लाई करने लगा। उसके साथ ही उसका भाई करण भी इस धंधे में शामिल हो गया। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वह एक दूसरों से संपर्क करने के लिए फर्जी दस्तावेजों पर लिए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। आरोपित सोशल मीडिया ऐप का इस्तेमाल ड्रग्स सप्लाई के लिए करते थे। आरोपितों ने पुलिस को बताया है कि सिद्धांत खन्ना डार्क वेब का इस्तेमाल भी अमेरिका से ड्रग्स मंगवाने के लिए कर रहा था। सिद्धांत के इशारे पर करण ड्रग्स पहुंचाने का काम करता था।

आरोपित दोनों भाई छतरपुर के रहने वाले हैं। ये दोनों ही सोशल मीडिया ऐप का इस्तेमाल कर गुपचुप तरीके से ड्रग्स का धंधा कर रहे थे। पुलिस इनसे जुड़े हुए अन्य ड्रग तस्करों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश में जुटी हुई है।

Next Story