- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Delhi NCR: NCR रीजन...
Delhi NCR: NCR रीजन में गाजियाबाद की हवा सबसे ज्यादा खराब

गाजियाबाद: शहर के लोगों को जहरीली हवा से राहत नहीं मिल रही है। साफ और गर्म मौसम के बावजूद जगह-जगह आगजनी की घटना से वायु गुणवत्ता सूचकांक और खराब हो रहा है। चौबीस घंटे के अंतराल में जनपद के एक्यूआई में 26 अंकों की बढ़ोत्तरी हुई। सीपीसीबी के समीर एप पर 252 एक्यूआई के साथ गाजियाबाद देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। बनीर्हाट पहले व सिलीगुड़ी का एक्यूआई गाजियाबाद से अधिक रहा।
बृहस्पतिवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 226 दर्ज किया गया था। शुक्रवार को यह 252 हो गया। संजयनगर की हवा की सेहत भी दो दिन से खराब है। आम तौर पर संजयनगर का एक्यूआई अन्य स्टेशनों के मुकाबले कम रहता है। बृहस्पतिवार को यहां का एकयूआई 274 दर्ज किया गया था और कुछ अंकों की कमी के साथ शुक्रवार को 267 रहा जो खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। लोनी की हवा जहरीली बनी है।
शुक्रवार को भी यहां का एक्यूआई 400 दर्ज किया गया, जो खतरनाक स्थिति है। लोनी के लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। चिकित्सकों का कहना है कि इतने अधिक एक्यूआई में बच्चे, बुजुर्ग व गर्भवती महिलाओं के लिए बिना मास्क के घर से बाहर निकलना नुकसानदायक साबित हो सकता है। यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि आग की घटनाओं से एक्यूआई में बढ़ोत्तरी हुई है।





