दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली नगर निगम की बड़ी बैठक, अवैध पार्किंग और जर्जर भवनों पर सख्ती

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:30 AM IST
दिल्ली नगर निगम की बड़ी बैठक, अवैध पार्किंग और जर्जर भवनों पर सख्ती
x
MCD का बड़ा फैसला, सामुदायिक भवनों और पार्किंग स्थलों का होगा सर्वे

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की आयोजित बैठक में नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने की। इस दौरान सफाई व्यवस्था, अवैध पार्किंग, सामुदायिक भवनों की स्थिति, निगम स्कूलों के आसपास अवैध मीट की दुकानें, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और जर्जर इमारतों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद कई प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अधिकारियों को पिछले बजट में की गई घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया जाए कि कितनी घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं, कितनी योजनाओं की कार्ययोजना तैयार हो गई है और कितनी योजनाओं पर अभी काम किया जा रहा है।

इसके अलावा निगम के सभी सामुदायिक भवनों का सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जर्जर और असुरक्षित भवनों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाए। सर्वे रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि भवनों की आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्यों की योजना बनाई जा सके।

बैठक में दिल्ली की पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों को सभी पार्किंग स्थलों का सर्वे कराने और उनके संचालन की जांच करने के निर्देश दिए गए।

अध्यक्ष ने कहा कि पार्किंग स्थलों पर अवैध रूप से शुल्क वसूली नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों को निगम की पार्किंग सुविधाओं में नियमानुसार निःशुल्क पार्किंग उपलब्ध कराने का विषय भी उठाया गया।

निगम स्कूलों के आसपास बिना लाइसेंस संचालित मीट की दुकानों को लेकर भी चर्चा हुई। स्थायी समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को ऐसी दुकानों की पहचान करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, दिल्ली में आवारा कुत्तों के बंध्याकरण अभियान में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को अभियान निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बैंक्वेट हॉल के कारण आसपास के इलाकों में लगने वाले यातायात जाम की समस्या पर भी चर्चा की गई। इस दौरान कहा गया कि पर्याप्त पार्किंग सुविधा वाले बैंक्वेट हॉल को ही नियमानुसार लाइसेंस दिया जाना चाहिए, ताकि सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात जाम की समस्या कम हो सके।

इसके अलावा विभिन्न जोनों में कर्मचारियों की कमी, पार्कों के रखरखाव, निगम स्कूलों की स्थिति, सामुदायिक भवनों की मरम्मत और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी पार्षदों ने उठाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि समिति जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में पक्ष और विपक्ष के पार्षदों द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना गया है।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और सफाई, पार्किंग, सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा तथा अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है।

Next Story