- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली नगर निगम ने...
दिल्ली नगर निगम ने राजधानी दिल्ली में 400 रामलीला आयोजन समितियों को दी रामलीला मंचन की अनुमति

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली नगर निगम ने इस साल राजधानी में 400 रामलीला आयोजन समितियों को रामलीला मंचन की अनुमति दी है। निगम के अनुसार इस वर्ष रामलीला मंचन की अनुमति देने के लिए 400 आवेदन प्राप्त हुए थे और निगम ने सभी आवेदनों को रामलीला मंचन संबंधी स्वीकृति दे दी है। निगमायुक्त ज्ञानेश भारती ने इस दौरान विभिन्न निगम सुविधाएं प्रदान करने के लिए संबंधी विभागों को आदेश भी जारी कर दिए हैं।
निगम के आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार डेम्स विभाग रामलीला मंचन वाली जगह पर साफ -सफाई की व्यवस्था करेगा। अभियांत्रिकी विभाग को जहां आवश्यकता है वहां की सड़क को ठीक करना, डेम्स विभाग दिल्ली जल बोर्ड के साथ मिलकर शौचालय एवं पानी की व्यवस्था करेंगे, मंचन स्थल पर अस्थाई तहबाजारी लगाने की अनुमति क्षेत्रीय उपायुक्त नियमानुसार अपेक्षित शुल्क वसूल कर प्रदान करेंगे। रामलीला समितियों को रामलीला आयोजन जारी रहने तक उससे संबंधित बैनर एवं पोस्टर लगाने की अनुमति भी निगम ने प्रदान की है। इसके साथ ही मंचन स्थल पर अस्थाई स्ट्रीट लाइटों की भी व्यवस्था निगम द्वारा की गई है। निगम के विभिन्न विभागों से संबंधित अनुमति के लिए क्षेत्रीय उपायुक्त एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। मुख्यालय स्तर पर अतिरिक्त आयुक्त (मुख्य.) नोडल अधिकारी होंगे। निगम ने सभी रामलीला आयोजन समितियों से अपील किया है कि वे सभी समितियां सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय, एनजीटी एवं डीपीसीसी के नियमों एवं आदेशों का पालन करें।





