दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: शाहदरा में नशे का कारोबार करने वाले मां-बेटे की जोड़ी गिरफ्तार

Admin Delhi 1
5 March 2022 3:57 PM GMT
दिल्ली: शाहदरा में नशे का कारोबार करने वाले मां-बेटे की जोड़ी गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: शाहदरा जिला पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले मां-बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान नरेला दिल्ली निवासी गुड्डी (47) और इसके बेटे मोहम्मद शाहिद (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 31 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपित छत्तीसगढ़ से गांजा तस्करी कर दिल्ली लाए थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस को मामले में गुड्डी के सगे भाई असगर अली की भी तलाश है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। शाहदरा जिले के डीसीपी आर सत्यसुंदरम ने शनिवार को बताया कि जिले के नारकोटिक्स सेल और स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि मां-बेटे की जोड़ी गांजा तस्करी करने में जुटी है। दोनों पुश्ता रोड, गांधी नगर के पास आने वाले हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विकास कुमार व अन्यों की टीम ने छानबीन शुरू कर दी।इस बीच शुक्रवार को मदीना मस्जिद, गांधी नगर पुश्ता रोड के पास से पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। इनके पास से दो बैग में करीब 31 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि ट्रेन में छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर दिल्ली आए हैं। गांजा गुड्डी के भाई असगर के एक जानकार से लिया गया था। दिल्ली में किसी अन्य को इसे सौंपना था।

गांजा लेने के समय इनके साथ असगर भी था। हर एक ट्रिप के लिए असगर दोनों को पांच-पांच हजार रुपये देता था। छत्तीसगढ़ से छह हजार रुपये किलो गांजा खरीदा गया था। दोनों कभी बस या ट्रेन तो कभी दूसरे वाहनों से गांजा लेकर दिल्ली आते थे। बरामद गांजा लेकर तीनों निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन उतरे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आगे यह किसको दिया जाना था। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।

Next Story