दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: दिल्ली पुलिस मुख्यालय के निकट जेएनयू छात्रों ने किया प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं के गिरफ़्तारी की मांग

Admin Delhi 1
11 April 2022 2:45 PM GMT
दिल्ली: दिल्ली पुलिस मुख्यालय के निकट जेएनयू छात्रों ने किया प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं के गिरफ़्तारी की मांग
x

दिल्ली न्यूज़: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) से जुड़े जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के सैकड़ों विद्यार्थियों ने सोमवार को यहां दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय में हुई हिंसा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं की कथित भूमिका के लिए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। जेएनयू के कावेरी छात्रावास के मेस में रविवार को रामनवमी के अवसर पर हुई झड़प में छह विद्यार्थी घायल हो गये थे।


कई छात्रों को हिरासत में लेकर तुगलक रोड थाना ले जाया गया: आईसा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ विद्यार्थियों को हिरासत में रखा गया है और उन्हें तुगलक मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस आरोप के संदर्भ में कोई त्वरित प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। आईसा अध्यक्ष एन साई बालाजी ने कहा कि हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। जिन लोगों ने विद्यार्थियों पर हमले किये हैं वे बार-बार इस तरह की घटना को अंजाम देते रहे है और जेएनयू प्रशासन भी उसी तरह है।


चाणक्यपुरी थाने भी ले जाए गए छात्र: दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी सुनिश्चित कराने और इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी पुलिस मुख्यालय के निकट एकत्रित हुए थे और उन्होंने आरएसएस से संबद्ध एबीवीपी के सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग की। आईसा कार्यकर्ता नेहा ने कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की गयी। हमें तुगलक रोड पुलिस थाने के भीतर हिरासत में लिया गया है। वहीं एक अन्य छात्र ने कहा कि हमें चाणक्यपुरी थाने में ले जाया गया है। कुछ छात्र दिल्ली के दूसरे थानों में ले जाए गए हैं।

Next Story