दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली हीट वेव: सूरज ने लोगो को महसूस कराया सीजन का सबसे गर्म दिन

Admin Delhi 1
29 March 2022 5:09 PM GMT
दिल्ली हीट वेव: सूरज ने लोगो को महसूस कराया सीजन का सबसे गर्म दिन
x

दिल्ली: राजधानी में गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए है और सूरज की तपिश ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को आलम यह रहा कि अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा और 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया,जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन है। राजधानी के कई इलाकों में लू गंभीर स्तर पर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का पूर्वानुमान है। लगातार दो दिनों तक भीषण गर्मी और गंभीर स्तर की लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में राजधानी की हवा में नमी का स्तर अधिकतम 79 प्रतिशत और न्यूनतम 14 प्रतिशत दर्ज किया गया। दिन में धूप के तेवर कड़े रहे और लू के थपेड़ों के बीच लोग गर्मी से परेशान दिखाई दिए। कड़ी धूप के चलते दोपहर में लोग बचने के लिए छाया तलाशते दिखाई दिए।

आज दर्ज की जा सकती है गंभीर स्तर की लू: राजधानी के अन्य इलाकों की बात करें तो कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया। सबसे 'यादा अधिकतम तापमान नरेला में 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं स्पोट्र्स काम्प्लेक्स में 41.5,पीतमपुरा में 41.4,नजफगढ़ में 40.6, दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम पारा 40 व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ दिनभर गर्म हवाएं चलने की वजह से गंभीर स्तर की लू दर्ज की जा सकती है। वीरवार को भी यहीं स्थिति रहने वाली है । हालांकि, वीरवार और शुक्रवार को हवाओं की रफ्तार तेज होने से लू से राहत मिलने की संभावना है।

कब की जाती है लू की घोषणा: मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक राजेंद्र जेनामणि के मुताबिक, लगातार दो दिनों तक जब अधिकतम तापमान 40 से अधिक व सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जाता है, तब लू की घोषणा की जाती है।

मौसम विभाग ने भीषण गर्मी से बचने के लिए लोगों की सलाह जारी की है। विभाग के मुताबिक, जरूरी हो तभी घर से निकलें। घर से निकलते हुए सिर को टोपी या कपड़े से ढकें। साथ ही अपने साथ पानी की बोतल भी जरूर रखें। धूप में अधिक दूरी तक चलने से बचें।

दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान

दिल्ली 39.2 डिग्री सेल्सियस

गुरुग्राम 40.8 डिग्री सेल्सियस

फरीदाबाद 40.7 डिग्री सेल्सियस

नोएडा 39.4 डिग्री सेल्सियस

Next Story