दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली सरकार के जीएसटी संग्रह में 28% का उछाल आया, जीएसटी से 27,214 करोड़ रुपए एकत्र किए

Admin Delhi 1
4 Oct 2022 6:32 AM GMT
दिल्ली सरकार के जीएसटी संग्रह में 28% का उछाल आया, जीएसटी से 27,214 करोड़ रुपए एकत्र किए
x

दिल्ली न्यूज़: चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में दिल्ली सरकार का माल और सेवा कर संग्रह (जीएसटी) 2021-22 की तुलना में 28 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है। जिससे सरकार को उम्मीद है कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में इसका संग्रह अनुमानों से अधिक हो जाएगा। आंकड़ों के अनुसार दिल्ली सरकार ने 2022-23 की पहली दो तिमाहियों में 2021-22 की 21,505 करोड़ रुपए की तुलना में जीएसटी से 27,214 करोड़ रुपए एकत्र किए हैं। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ वस्तुओं की बिक्री से राजस्व संग्रह में और सुधार होगा, जिससे दिल्ली की अर्थव्यवस्था और बेहतर होगी। विभाग के अनुसार दिल्ली सरकार ने इस साल अप्रैल में जीएसटी से 5,871 करोड़ रुपए, मई में 4,113 करोड़ रुपए, जून में 4,313 करोड़ रुपए, जुलाई में 4,327 करोड़ रुपए, अगस्त में 4,349 करोड़ रुपए और सितंबर में 4,741 करोड़ रुपए राजस्व एकत्र किए हैं। उम्मीद है कि जीएसटी संग्रह में और वृद्धि होगी।पिछले दो वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 महामारी से प्रभावित थे, जिसके चलते कम राजस्व संग्रह हुआ। लॉकडाउन की वजह से 2020-21 में निगेटिव ग्रोथ हुई थी, लेकिन 2021-22 अपेक्षाकृत बेहतर था। लेकिन चालू वित्त वर्ष में कोविड -19 का कोई प्रभाव नहीं है और आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं।

बता दें कि जीएसटी दिल्ली सरकार के कर संग्रह का मुख्य आधार है। सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए विधानसभा में 75 हजार करोड़ से अधिक का बजट पेश किया था। जिसमें से 47,700 करोड़ रुपए कर संग्रह का अनुमान लगाया गया है। जिसमें जीएसटी और वैट 31,200 करोड़ रुपए आंका गया है, जबकि संपत्ति की बिक्री पर स्टांप और पंजीकरण शुल्क और मोटर वाहनों पर रोड टैक्स जैसे अन्य राजस्व संग्रह भी हैं। अधिकारियों ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में सरकार ने मूल्य वर्धित कर (वैट) के रूप में 2,600 करोड़ रुपए एकत्र किए हैं। वैट पेट्रोलियम उत्पादों और शराब पर लगाया जाता है, जबकि अन्य सभी उत्पाद और सेवाएं जीएसटी के दायरे में आती हैं।

Next Story