दिल्ली-एनसीआर

Delhi: गोकुलपुरी में ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर

Admindelhi1
15 Sept 2025 3:14 PM IST
Delhi: गोकुलपुरी में ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर
x
पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की

दिल्ली: दिल्ली के गोकुलपुरी क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के पिता का दावा है कि उनकी बेटी को लंबे समय से दहेज के लिए सताया जा रहा था, और इसी वजह से उसकी हत्या की गई। पुलिस ने दहेज हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, स्थानीय सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) भी इस मामले की तहकीकात कर रहे हैं।

घटना का विवरण

मृतका के पिता प्रमोद सिंह ठाकुर ने बताया कि शनिवार की रात उनकी बेटी का फोन आया था, लेकिन वह उस समय सफर में थे, इसलिए कॉल नहीं उठा सके। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी से बेटी को कॉल करने को कहा, लेकिन बेटी का फोन नहीं उठा। कुछ देर बाद बेटी की ननद का कॉल आया, जिसने सिर्फ इतना कहा कि उनकी भाभी की मौत हो गई है और फोन काट दिया।

ठाकुर ने तुरंत अन्य रिश्तेदारों और शादी के बिचौलिये से संपर्क किया, जिसने पुष्टि की कि उनकी बेटी की मृत्यु हो चुकी है और उसका शव जीटीबी अस्पताल में है। परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को मृत पाया। उसके शरीर पर पुरानी चोटों के निशान भी दिखाई दिए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया, और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

परिजनों ने लगाया दहेज़ प्रताड़ना का आरोप

जानकारी के अनुसार, मृतका लक्ष्मी की शादी 6 फरवरी 2024 को गोकुलपुरी निवासी लोकेश के साथ हुई थी। ठाकुर का आरोप है कि शादी में दहेज देने के बावजूद उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। लक्ष्मी ने कई बार अपने परिवार को इस उत्पीड़न के बारे में बताया था। इस आधार पर पुलिस ने लक्ष्मी के पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

Next Story