दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: जीजा को गोली मारने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही हुए गिरफ्तार

Admin Delhi 1
30 March 2022 4:47 PM GMT
दिल्ली: जीजा को गोली मारने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही हुए गिरफ्तार
x

दिल्ली एनसीआर क्राइम न्यूज़: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में थाना कासना पुलिस ने लडपुरा गांव में एक सप्ताह पहले अपने जीजा के ऊपर फायरिंग करने वाले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सिपाही और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की है। आरोपी सिपाही ने भांजे की कस्टडी के लिए अपने जीजा पर फायरिंग की थी। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिपाही दीपक सादुल्लापुर गांव का रहने वाला है। दीपक दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में कार्यरत है। उसने अपने साथी सतीश नागर के साथ मिलकर 24 मार्च की दोपहर लड़पुरा गांव के बाहर रोड पर अपने जीजा नवीन पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान हाथ में गोली लगने से नवीन घायल हो गया था। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दीपक और सतीश अपनी गाड़ी में सवार होकर भाग गए थे। इस मामले में नवीन ने आरोपी दीपक और सतीश के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना की आशंका को लेकर पीडि़त ने अपना मोबाइल का वीडियो ऑन कर रखा था जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई थी। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

अस्तौली गांव निवासी नवीन की शादी सादुल्लापुर गांव के रहने वाले दीपक की बहन से हुई थी। करीब दो साल पहले नवीन की पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। ससुराल पक्ष ने नवीन के खिलाफ दनकौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया था। नवीन को चार माह जेल में रहने के बाद जमानत मिल गई थी। इसी मुकदमे के चलते नवीन और उसके साले दीपक के बीच विवाद चल रहा है। नवीन का एक चार वर्षीय बेटा उसके साले के पास रहता है। नवीन ने अपने साले दीपक के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करवा रखा है। 24 मार्च को इस मुकदमे के चलते दीपक को नवीन के बेटे को अदालत में पेश करना था लेकिन वकीलों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इसके चलते दीपक ने नवीन को उसके बच्चे को सौंपने के लिए लड़पुरा गांव बुलाया था। नवीन अपने बेटे को लेने गांव पहुंचा तो वहां दीपक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसपर फायरिंग की थी।

Next Story