- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली-दनकौर के बीच...
दिल्ली-दनकौर के बीच इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट ट्रेन फिर से हुई शुरू
![दिल्ली-दनकौर के बीच इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट ट्रेन फिर से हुई शुरू दिल्ली-दनकौर के बीच इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट ट्रेन फिर से हुई शुरू](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/09/01/1958527-05062022-trainjagran22774920.webp)
एनसीआर नॉएडा न्यूज़: गौतमबुद्ध नगर वासियों के लिए बड़ी खबर है। रेल मंत्रालय ने दनकौर और दिल्ली के बीच रेल सेवा एक बार फिर शुरू कर दी है। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने 30 मार्च 2022 को सदन में यह मुद्दा उठाया था। दरअसल, कोविड-19 महामारी के दौरान दिल्ली और एनसीआर के बाकी शहरों के बीच चलने वाली इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट ट्रेन (ईएमयू) को बंद कर दिया गया था। महामारी खत्म होने के बाद भी इन्हें रेल मंत्रालय ने शुरु नहीं किया। जिस पर सुरेंद्र सिंह नागर ने सदन में मांग उठाई। अब रेल मंत्रालय ने उनकी मांग पूरी करते हुए गौतमबुद्ध नगर के दनकौर कस्बे और दिल्ली के बीच रेल सेवा बहाल कर दी है। गुरुवार को दोबारा ईएमयू ट्रेन का संचालन हुआ। सांसद ने रेलमंत्री को धन्यवाद दिया है।
गौतमबुद्ध नगर के हजारों दैनिक यात्रियों को मिला लाभ: राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने सदन को बताया था कि गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली के बीच रोजाना हजारों की संख्या में कर्मचारी आवागमन करते हैं। इनके लिए ईएमयू ट्रेन सस्ता, सुलभ और सहज यातायात का साधन है। इसके बंद होने से जिले के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब कोरोना वायरस के कारण फैली महामारी समाप्त हो चुकी है। लिहाजा, ईएमयू ट्रेन को दोबारा शुरू किया जाना चाहिए। इस पर रेल मंत्री ने सदन में जल्दी ईएमयू ट्रेन सेवाएं बहाल करने का आश्वासन सांसद को दिया था। अब गुरुवार को यह सेवा बहाल कर दी गई है।
राज्यसभा में उठाया था मुद्दा: राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने बीते 30 मार्च 2022 को राज्यसभा में मुद्दा उठाते हुए कहा था, "पहले कोरोना लॉकडाउन के दौरान रेलवे मंत्रालय ने दिल्ली से चलने वाली लोकल ट्रेन ईएमयू को बंद करने का निर्णय लिया था दिल्ली से उत्तर प्रदेश के बीच दिल्ली दनकौर दिल्ली से खुर्जा और दिल्ली से अलीगढ़ के बीच चलने वाली ईएमयू ट्रेन को भी बंद करने का निर्णय लिया अब कोरोना की सारी पाबंदी खत्म हो गई है। इन ईएमयू से रोजाना हजारों लोगों को फायदा मिलता है। इन ट्रेनों के माध्यम से रोजाना दिल्ली से गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़ और खुर्जा के लोग यात्रा करते हैं। जिसमें नौकरी करने वाले लोग और व्यापारी यात्रा करने के लिए आते हैं। इसमें दनकौर और खुर्जा में रहने वाले लोग रोजाना दूध की आपूर्ति दिल्ली में करते हैं।"
लोगों की परेशानियों को देखते हुए उठाई मांग: उन्होंने आगे कहा था, "इन ट्रैन को चलाने के लिए पहले भी रेल मंत्रालय ने घोषणा की थी, लेकिन 2 वर्ष से अधिक होने के बावजूद भी अभी तक इन ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हुआ है। मैं रेल मंत्री जी से मांग करता हूं कि दैनिक यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए, नौकरी पेशा के लोगों की परेशानी को देखते हुए और छोटे व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए इन ईएमयू का संचालन दोबारा से शुरू किया जाए।"
सुरेंद्र सिंह ने रेल मंत्री को धन्यवाद दिया: सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा, "दनकौर से दिल्ली के बीच चलने बाली ईएमयू ट्रेन का आज से पुनः संचालन शुरू करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का बहुत-बहुत धन्यवाद। यह रेल सेवा गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जिले के दैनिक यात्रियों के लिए बड़ी फायदेमंद है। सुबह दिल्ली जाने और शाम को वापस घर लौट कर आने के लिए यातायात का सबसे अच्छा साधन है। महामारी के बीच इसका संचालन बंद होने से स्थानीय निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर से ग्रामीण इलाकों के लोग परेशान थे। अब यह समस्या दूर हो गई है।"