दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली क्राइम न्यूज़: जिम में म्यूजिक को लेकर खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत

Admin Delhi 1
1 March 2022 3:28 PM GMT
दिल्ली क्राइम न्यूज़: जिम में म्यूजिक को लेकर खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत
x

जिम में म्यूजिक को लेकर दो लड़कों में हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। उनके परिवार आपस में भिड़ गए और दोनों में जमकर लाठी-डंडे चले और चाकूबाजी हुई जबकि हमले के दौरान करीब आधा दर्जन लोग चाकू लगने से जख्मी हो गए। साथ ही पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां एक शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज मनचंदा (50) के रूप में हुई है। हालांकि पहाडग़ंज थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। घायलों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, मनोज सपरिवार मोतिया खान एरिया में रहता था। परिवार में बेटा मयंक (24), एक बेटी, पत्नी और छोटा भाई विक्की व अन्य सदस्य हैं। मयंक आरके आश्रम के पास तिलक गली में जिम करने जाता है। सोमवार को मयंक का जिम के अंदर हिमांशु (21) नामक युवक से म्यूजिक को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान मयंक ने हिमांशु को थप्पड़ मार दिया और उसे जिम से भी बाहर निकाल दिया। हिमांशु ने यह बात अपने पिता जोगिंदर उर्फ जग्गू को जाकर बताई। इस दौरान मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे मयंक किसी काम से बाहर निकला था। हिमांशु के परिवार को इसका पता चल गया। हिमांशु का चाचा मंजीत सिंह उर्फ बबला और पिता जोगिंदर उर्फ जग्गू व अन्यों ने मयंक को पकड़कर घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। मयंक ने भी अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। उसका पिता मनोज, चाचा विक्की व अन्य वहां पहुंच गए। आरोप है कि आते ही विक्की ने चाकू निकालकर जोगिंदर के परिवार पर हमला कर दिया।

वहीं दूसरी ओर बबला ने भी चाकू निकाल लिया और उसने भी हमला कर दिया। दोनों ओर से हुई चाकूबाजी में मनोज, विक्की, जोगिंदर, बबला, हिमांशु और मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। विक्की, जोगिंदर और मनोज को लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मनोज की मौत हो गई। विक्की और जोगिंदर का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हमले के बाद मयंक, हिमांशु, बबला, सौरव और राहुल नामक लोग फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। हमले में दोनों ओर से ही लोग जख्मी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। क्रॉस केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। मृतक के साले विनोद ने बताया कि आरोपियों ने मनोज के शरीर पर करीब 27 चाकू मारे थे। जिसकी वजह से वह अचेत हो गया था। ये भी आरोप लगाया कि दूसरी पार्टी ने खुद ही अपने को जख्मी कर क्रॉस केस दर्ज कराने की बात की है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

Next Story