दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: कागजात नहीं दिखाने पर पुलिसकर्मी की संघ के विद्यार्थी की पिटाई का मामला, जानिए पूरे बवाल पर खबर

Admin Delhi 1
19 April 2022 8:05 PM IST
दिल्ली: कागजात नहीं दिखाने पर पुलिसकर्मी की संघ के विद्यार्थी की पिटाई का मामला, जानिए पूरे बवाल पर खबर
x

दिल्ली न्यूज़: बाहरी जिले के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में बाइक के कागजात नहीं दिखाने पर पुलिसकर्मी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नांगलोई जिला के विद्यार्थी विस्तारक जगदीश की पिटाई कर दी। पुलिसकर्मियों के इस गलत व्यवहार को लेकर आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह पश्चिम विहार वेस्ट थाने का घेराव किया और पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी। डीसीपी समीर शर्मा का कहना है कि आक्रोषित लोगों को समझा बुझाकर कर प्रदर्शन को खत्म करवा दिया गया है और एसीपी को मामले की जांच सौंप दी गई है। आरएसएस नांगलोई के जिला कार्यवाह विष्णु गोपाल ने बताया कि सोमवार रात 11.40 बजे जगदीश ज्वालापुरी स्थित संघ कार्यालय से जा रहे थे। तीन पुलिसकर्मियों ने उन्हें बैरिकेड पर रोका और बाइक के कागजात की मांग की। जगदीश ने कार्यालय में कागजात होने और मंगाकर देने की बात कही। आरोप है कि इसपर पुलिसकर्मियों ने कहासुनी करने के बाद जगदीश को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद थाने ले जाकर भी उनकी पिटाई की गई। रात करीब एक बजे थाने से उन्हें छोड़ा गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह सैकड़ों की संख्या में लोग थाने पर पहुंचे और घेराव किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खराब व्यवहार को लेकर उन्हें निलंबित करने की मांग की। वहीं पुलिस अधिकारी का कहना है कि तलाशी के दौरान जगदीश को रोका गया था और उनसे वाहन के कागजात की मांग की गई। कागजात नहीं होने की वजह से उनके बीच कहासुनी हो गई। पुलिसकर्मी उन्हें थाने लाकर कागजात मंगवाया और सत्यापन करने के बाद छोड़ दिया गया।

पुलिस का कहना है कि आला अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया और सभा को शांतिपूर्वक खत्म करवा दिया गया। पिकेट कर्मियों के दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच का जिम्मा सहायक पुलिस आयुक्त को सौंपा गया है।

Next Story