दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: कमला मार्किट में पैसे के विवाद के बीच ऑटो चालक को भारी पड़ा बचाव करना, धारदार हथियार से हुई हत्या

Admin Delhi 1
13 April 2022 9:39 AM GMT
दिल्ली: कमला मार्किट में पैसे के विवाद के बीच ऑटो चालक को भारी पड़ा बचाव करना, धारदार हथियार से हुई हत्या
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: मध्य जिले के कमला मार्किट इलाके में रुपयों के लेन-देन के विवाद को लेकर एक शख्स ने धारदार हथियार से युवक पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने जब एक ऑटो चालक आया तो आरोपित ने उस पर हमला कर दिया। इसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपित की पिटाई कर दी और उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल शख्स और आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बाबत मामला दर्ज करके पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात पुलिस को मिंटो रोड से झगड़े की कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां घायल अवस्था में तीन लोग मिले। इनकी पहचान 55 वर्षीय सियाराम, 45 वर्षीय महतो और 41 वर्षीय गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने गंगा महतो को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य दो घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। सियाराम के चेहरे पर गहरा जख्म है। इसकी वजह से उसका बयान नहीं हो सका है। जबकि गुरदीप के सिर पर काफी चोट है। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि सियाराम हिम्मतगढ़ इलाके में रहता है। वह मिंटो रोड इलाके में ऑटो स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करता है। इसके अलावा वह ऑटो भी किराए पर चलवाता है। उसने कुछ समय पहले गुरदीप सिंह से एक लाख रुपए का कर्ज लिया था। निलोठि का रहने वाला गुरदीप पहाड़गंज इलाके में फाइनेंस का कारोबार करता है। वह सियाराम से अपने रुपए वापस मांग रहा था।

मंगलवार को रुपए लौटाने का समय तय हुआ था। गुरदीप को जब मंगलवार रात रुपए नहीं मिले तो वह सियाराम को पीटने लगा। उसी दौरान ऑटो चालक गंगा महतो उसे बचाने के लिए आया तो गुरदीप ने उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया। उसने सियाराम पर भी हमला किया और भागने लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद ऑटो चालक वहां पहुंचे। उन्होंने स्कूटी की तरफ भाग रहे गुरदीप को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके चलते वह घायल हो गया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इस बाबत हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपित गुरदीप को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक गंगा महतो के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वह बुराड़ी इलाके का रहने वाला था।

Next Story