दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: उत्तम नगर में एक मैकेनिक ने किशोर पर गुब्बारे फेंकने के शक में डाला तेजाब

Admin Delhi 1
20 March 2022 12:30 PM GMT
दिल्ली: उत्तम नगर में एक मैकेनिक ने किशोर पर गुब्बारे फेंकने के शक में डाला तेजाब
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: उत्तम नगर इलाके में गुब्बारे फेंकने के शक में एक मैकेनिक ने गुस्से में आकर 16 साल के किशोर पर तेजाब डाल दिया। तेजाब डाले जाने से किशोर बुरी तरह से झुलस गया। परिवार वाले किशोर को तुरंत सफदरजंग अस्पताल से गए। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पीड़ित के बयान पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि आरोपित ने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पीड़ित किशोर अपने परिवार के साथ ओम विहार में रहता है। वह दसवीं कक्षा का छात्र है। किशोर के मामा ने बताया कि होली के दिन किशोर अपने दो दोस्तों के साथ घर से ओम विहार फेज पांच की ओर जा रहा था। रास्ते में एक घर से एक व्यक्ति निकला और किशोर और उसके दोस्तों पर घर पर गुब्बारा फेंकने का आरोप लगाने लगा। आरोपित लड़कों से गाली गलौज करने लगा। किशोर उसे गाली देने से मना किया। इससे आरोपित का गुस्से और भड़क गया और वह तुरंत अपने घर से एक बोतल लेकर निकला। आरोपित ने बोतल को किशोर पर उड़ेल दिया। बचाव करने के दौरान बोतल में रखा तेजाब किशोर के पीठ पर गिर गया।

तेजाब के गिरते ही उसकी पीठ और कान झुलस गया। किशोर और उसके दोस्त शोर मचाते हुए पांच सौ मीटर दूर अपने घर आए। किशोर की हालत देखकर उसके मामा उसे लेकर लेकर तुरंत सफदरजंग अस्पताल पहुंचे। जहां किशोर का प्राथमिक उपचार किया गया। उधर किशोर के घर वाले घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद आरोपित के घर पहुंचे। परिवार वालों ने बताया कि आरोपित लोगों को देखकर छत पर चला गया और वहां से लोगों पर गैस सिलिंडर फेंक दिया। हालांकि इसमें किसी को चोट नहीं लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। शनिवार को पुलिस किशोर के बयान पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपित मैकेनिक है और मशीन की सफाई करने के लिए तेजाब रखता है। आरोपित ने बताया कि घर पर गुब्बारा फेंके जाने से वह काफी गुस्से में था और गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित अवसाद में है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Next Story