दिल्ली-एनसीआर

देश में 80 फीसदी वयस्कों का कोरोना टीकाकरण पूर्ण, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी

Kunti Dhruw
19 Feb 2022 2:53 PM GMT
देश में 80 फीसदी वयस्कों का कोरोना टीकाकरण पूर्ण, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी
x
देश में कोरोना वायरस के खिलाफ 80 फीसदी से अधिक वयस्कों का पूर्ण टीकाकरण हो गया है.

नई दिल्ली, देश में कोरोना वायरस के खिलाफ 80 फीसदी से अधिक वयस्कों का पूर्ण टीकाकरण हो गया है, यानी उन्हें वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने यह जानकारी देते हुए कहा कि 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के दो करोड़ से अधिक किशोरों को भी दोनों डोज दे दी गई हैं। वहीं कोविन पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक देशभर में अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की 175.22 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं, जिनमें 96.24 करोड़ पहली, 77.19 करोड़ दूसरी और 1.78 करोड़ सतर्कता डोज शामिल हैं।

मांडविया ने ट्वीट किया कि भारत ने 80 फीसदी वयस्क आबादी को कोरोना वायरस की दोनों डोज लगाने की उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'सबका प्रयास' के मंत्र से देश 100 फीसदी टीकाकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।' किशोरों के टीकाकरण पर मांडविया ने ट्वीट किया, 'युवा भारत दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को नई ऊंचाई पर ले जा रहा है। 15-18 आयुवर्ग के दो करोड़ से अधिक किशोरों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है।' आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक करीब 96.5 फीसदी वयस्कों को टीके की पहली डोज लगा दी गई है।
Next Story