- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- कमर्शियल LPG सिलेंडर...
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी, 3,237 रुपये तक पहुंचा दाम

Delhi दिल्ली:पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है, जिसका सीधा असर भारत में रसोई गैस की कीमतों पर पड़ा है। इसी क्रम में मई महीने के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में शुक्रवार, 1 मई को 993 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,237 रुपये हो गई है।
यह वृद्धि होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में उपयोग होने वाले गैस सिलेंडरों के लिए की गई है, जिससे आने वाले समय में खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। लगातार बढ़ती लागत के कारण होटल और फूड इंडस्ट्री पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
सरकारी तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी मुद्रा दरों के आधार पर एलपीजी और विमानन ईंधन की कीमतों में संशोधन करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत इस बार भी कीमतों में बदलाव किया गया है।
आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी से अब तक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। मार्च महीने में 144 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, इसके बाद 1 अप्रैल को 200 रुपये और अब 1 मई को 993 रुपये की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। इन तीनों बढ़ोतरी के बाद कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अपने नए उच्च स्तर पर पहुंच गई है।
हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। चुनावी माहौल के बाद भी सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कीमतें स्थिर रखी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू सिलेंडर की कीमत चेन्नई में 928.50 रुपये और दिल्ली में 913 रुपये बनी हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव की स्थिति के कारण आने वाले समय में ईंधन और गैस की कीमतों पर और दबाव बन सकता है।
लगातार बढ़ती कमर्शियल एलपीजी कीमतों ने होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका सीधा असर उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाली खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर पड़ सकता है।





