- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- CM रेखा गुप्ता ने...
CM रेखा गुप्ता ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन को दी हरी झंडी

New Delhi.नई दिल्ली। दिल्ली को छह नई मोबाइल फोरेंसिक प्रयोगशालाएं मिल गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में इन मोबाइल फोरेंसिक साइंस लैब वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने कहा है कि इनके शुरू होने से दिल्ली में न्यायिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और तेजी दोनों आएगी। इस मौके पर दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद भी मौजूद थे।आपको बता दें कि रोहिणी स्थित दिल्ली सरकार के फोरेंसिक विभाग के मुख्यालय स्तर पर दो प्रयोगशाला वैन उपलब्ध थीं। विभाग की ओर से हर जिला स्तर पर 24 घंटे फोरेंसिक अधिकारी तैनात रहते हैं, जो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचते हैं।
शुक्रवार को लॉन्च की गई ये छह प्रयोगशाला वैन दिल्ली पुलिस द्वारा बनाए गए छह क्षेत्रीय कार्यालयों के आधार पर तैनात की जाएंगी। ये प्रयोगशाला वैन अपराध के बड़े मामलों की जांच करने के लिए पहुंचेंगी। पहले बड़ी घटनाओं पर मुख्यालय से प्रयोगशाला वैन बुलाई जाती थीं। लेकिन अब वैन रेंज कार्यालय पर उपलब्ध कराई जाएंगी।तेज, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रहे हैंइस मौके पर मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार तकनीक के जरिए जनता को तेज, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ये मोबाइल फोरेंसिक वैन एक चलती-फिरती प्रयोगशाला की तरह हैं, जिसमें अपराध स्थल पर ही प्राथमिक विश्लेषण की अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध है। इन वैन से हत्या, चोरी, धोखाधड़ी, साइबर अपराध समेत गंभीर मामलों में विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी और वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य जुटा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली की आपराधिक न्याय प्रणाली को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से और अधिक मजबूत, सटीक और प्रभावी बनाएगी। वीडियोग्राफी जैसे दस्तावेजीकरण के चरण शामिल मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध स्थल पर फोरेंसिक टीम एक तय प्रक्रिया के तहत काम करती है, जिसमें सबसे पहले घटनास्थल की घेराबंदी, फिर फोटोग्राफी, स्केच और वीडियोग्राफी जैसे दस्तावेजीकरण चरण शामिल हैं। इसके बाद डीएनए, रक्त और डिजिटल डेटा जैसे साक्ष्य एकत्र किए जाते हैं और उनकी प्रारंभिक जांच की जाती है। अंत में अदालत में पेश करने के लिए रिपोर्ट तैयार की जाती है। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं में तेजी लाने और समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज इस फोरेंसिक वैन को लॉन्च किया गया है।





