दिल्ली-एनसीआर

'आपको दिल्ली में साफ कर दिया और आपने माफ कर दिया'

Sonam
8 Aug 2023 4:59 AM GMT
आपको दिल्ली में साफ कर दिया और आपने माफ कर दिया
x

भाजपा के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को राज्यसभा में दिल्ली सेवा विधेयक पर बहस के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार का समर्थन करने वाले सभी लोग अपनी विचारधाराओं से समझौता करके एक साथ आए हैं। कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए, सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि AAP ने गुजरात में कांग्रेस के वोट को आधा कर दिया, इसने पंजाब में इनका स्विच ऑफ कर दिया.. दिल्ली में साफ कर दिया और आपने इनको माफ कर दिया। सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि दुनिया में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है जहां किसी देश की राष्ट्रीय राजधानी में केंद्र सरकार के पास राज्य या केंद्रशासित प्रदेश सरकार की तुलना में कम शक्तियां हों।

केजरीवाल पर निशाना

दिल्ली सेवाओं पर केंद्र के अध्यादेश का समर्थन करते हुए, सुधांशु त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण के लिए आवंटित धन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने आप की मंशा पर संदेह जताते हुए कहा कि वह अपने वादों से मुकर गई है और उन सभी नेताओं के साथ गठबंधन कर लिया है जिनके खिलाफ वह आंदोलन किया करते थे। त्रिवेदी ने आगे कहा कि बीजेपी ने 70 साल में कभी भी कांग्रेस के साथ अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया लेकिन आम आदमी पार्टी ने सिर्फ 72 दिनों में अपनी विचारधारा से समझौता कर लिया। भाजपा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह आज ‘‘सुपर सीएम’’ की बात कर रही है जबकि इस देश ने 10 साल तक ‘‘सुपर पीएम’’ देखा है।

दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य अभिषेक सिंघवी ने सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि सरकार इस विधेयक के जरिए दिल्ली में ‘‘सुपर सीएम’’ बनाने की कोशिश कर रही है। इसी को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि न्यायालय का फैसला आने के बाद दिल्ली सरकार ने सबसे पहले सतर्कता विभाग में कार्रवाई की। उन्होंने दावा किया कि सतर्कता विभाग से 76 फाइलें मंगा ली गईं जिनमें कई गोपनीय फाइलें भी थीं। भाजपा सदस्य त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों को दिल्ली में उच्च वेतन के साथ सरकारी पदों पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दिल्ली के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने की घटना का उल्लेख किया।

Sonam

Sonam

    Next Story