दिल्ली-एनसीआर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संत परमानंद अस्पताल में आईवीएफ सेंटर का किया उद्घाटन

Admindelhi1
3 Nov 2026 3:47 PM IST
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संत परमानंद अस्पताल में आईवीएफ सेंटर का किया उद्घाटन
x
अस्पताल में आईवीएफ सेंटर शुरू, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित संत परमानंद अस्पताल में नवनिर्मित आईवीएफ सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ सेवाओं से युक्त यह केंद्र कई परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां लाने का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ना स्वागत योग्य है। उन्होंने इस नई पहल के लिए संत परमानंद अस्पताल के चिकित्सकों और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

153 बिस्तरों वाला बहु-विशेषज्ञ अस्पताल

उल्लेखनीय है कि संत परमानंद अस्पताल दिल्ली के मध्य में स्थित 153 बिस्तरों वाला बहु-विशेषज्ञ अस्पताल है। अस्पताल के अनुसार, पिछले 13 वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त चिकित्सकों की टीम के माध्यम से इसने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।

अस्पताल में विभिन्न बीमारियों और सर्जरी के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों में जोड़ प्रत्यारोपण सर्जरी, ट्रॉमा केयर, गहन चिकित्सा, नेत्र उपचार, उच्च जोखिम वाली प्रसूति और प्रसव सेवाएं शामिल हैं।

वंचितों के लिए भी संचालित हैं स्वास्थ्य सेवाएं

संत परमानंद अस्पताल एक समाज आधारित संस्था है, जो मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। अस्पताल की ओर से वंचित वर्गों के लिए निशुल्क नेत्र शिविर, पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम, निशुल्क ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जाती हैं।

Next Story