- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली में घर खरीदने...
दिल्ली में घर खरीदने का मौका, DDA दे रहा भारी डिस्काउंट

नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने घर खरीदने वालों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। डीडीए ने कार्यरत और सेवानिवृत्त पेशेवरों के लिए 'कर्मजीवी आवास योजना 2026' शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत दिल्ली के नरेला क्षेत्र में स्थित 1,200 से अधिक रेडी-टू-मूव फ्लैटों पर खरीदारों को 25 प्रतिशत की सीधी छूट दी जाएगी।
यह योजना सरकारी कर्मचारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ-साथ कॉरपोरेट सेक्टर, व्यवसाय, उद्योग और अन्य पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। डीडीए का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को किफायती दरों पर अपना घर उपलब्ध कराना है। योजना को दिल्ली के एलजी और डीडीए अध्यक्ष टीएस संधू के मार्गदर्शन में शुरू किया गया है।
डीडीए के अनुसार, छूट के बाद नरेला में उपलब्ध फ्लैटों की कीमत काफी कम हो जाएगी। योजना के तहत वन बीएचके फ्लैट की शुरुआती कीमत 33.40 लाख रुपये रखी गई है। वहीं टू बीएचके फ्लैट 75.55 लाख रुपये और थ्री बीएचके फ्लैट की कीमत 1.065 करोड़ रुपये होगी। इससे मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के लिए दिल्ली में घर खरीदने का अवसर आसान हो सकेगा।
योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 24 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इसके बाद 15 अगस्त 2026 से फ्लैटों की बुकिंग शुरू की जाएगी। बुकिंग डीडीए के आवास पोर्टल के माध्यम से 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जाएगी। इच्छुक खरीदार डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
'कर्मजीवी आवास योजना 2026' के तहत मिलने वाले फ्लैट नरेला के पाकेट-11, सेक्टर ए-1 से ए-4 में स्थित हैं। यह इलाका आने वाले समय में बेहतर कनेक्टिविटी वाला क्षेत्र बनने की उम्मीद है। प्रोजेक्ट की दूरी प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन से करीब 1.2 किलोमीटर, दिल्ली-पानीपत कॉरिडोर के प्रस्तावित आरआरटीएस स्टेशन से करीब 1.9 किलोमीटर और यूईआर-1 से केवल 500 मीटर है।
नरेला क्षेत्र में घरों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में डीडीए द्वारा बेचे गए कुल 1,284 फ्लैटों में से करीब 90 प्रतिशत यानी 1,153 फ्लैट सिर्फ नरेला उपनगरीय क्षेत्र के थे। इससे पता चलता है कि खरीदारों के बीच नरेला तेजी से पसंदीदा आवासीय क्षेत्र बन रहा है।
डीडीए ने बताया कि योजना के तहत सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे। खास बात यह है कि जिन लोगों के पास पहले से कोई घर या संपत्ति है, वे भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। खरीदारों की सुविधा के लिए मौके पर सैंपल फ्लैट भी तैयार किए गए हैं, ताकि लोग खरीदारी से पहले घर की गुणवत्ता और सुविधाओं को देख सकें।
डीडीए की इस योजना को दिल्ली में किफायती आवास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घोषित इस योजना से बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोगों और अन्य पेशेवरों को दिल्ली में अपना घर खरीदने का मौका मिल सकता है। डीडीए ने लोगों से योजना की विस्तृत जानकारी के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट और ऑनलाइन पोर्टल पर जाने की अपील की है।





