दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में बनेंगे ब्रिज और अंडरपास, दिल्ली वालो को मिलेगी बड़ी राहत

Admin Delhi 1
27 March 2022 7:16 AM GMT
दिल्ली में बनेंगे ब्रिज और अंडरपास, दिल्ली वालो को मिलेगी बड़ी राहत
x

दिल्ली एनसीआर न्यूज़: उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने 2022-23 के बजट में पांच सड़क पुल, दो अंडरपास, डीएनडी फ्लाई-वे विस्तार और पैदल यात्रियों के लिए एक सबवे का प्रावधान किया है। बजट में परिवहन, सड़क और पुल क्षेत्र के लिए कुल आवंटन 9,539 करोड़ रुपए का है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा परिवहन, सड़क और पुल क्षेत्र के लिए 9,539 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है जो पिछले वर्ष के आवंटन से 145 करोड़ रुपए अधिक है। सरकार ने 2021-22 में इस क्षेत्र के लिए 9,394 करोड़ रुपए आवंटित किए थे। सिसोदिया ने बजट सत्र के दौरान कहा कि पांच पुल, दो अंडरपास, पैदल यात्रियों के लिए एक सबवे और आश्रम तक डीएनडी फ्लाईवे के विस्तार का काम 2022-23 में पूरा किया जाएगा। इससे त्रिनगर, इंद्रलोक,कर्मपुरा, नांगलोई,बसई दारापुर, कोंडली और आश्रम चौक पर भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलेगी।

7 मार्च तक 11 लाख लोगों ने उठाए फेसलेस सेवाओं का लाभ: उपमुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों को अब ट्रांसपोर्ट विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। उन्हें दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति का सबसे शानदार कदम दिल्ली सरकार के ट्रांसपोर्ट विभाग में उठाया गया है। आजादी के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री ने जाकर ट्रांसपोर्ट विभाग की उस खिड़की पर ताला लगाया, जिसमें लोगों को लंबी लाइनें लगाकर खड़ा होना पड़ता था। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए उस खिड़की में होने वाले काम को उस दफ्तर के काम को फेसलेस कर दिया गया। सिसोदिया ने कहा कि मौजूदा समय में परिवहन विभाग फेसलेस रूप से 47 सेवाओं का संचालन कर रहा है। इस कार्यक्रम से 7 मार्च 2022 तक 11 लाख से अधिक आवेदक लाभान्वित हो चुके हैं।

महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा पर 250 करोड़ खर्च करेगी सरकार: दिल्ली सरकार की सार्वजनिक परिवहन बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ अभी तक तीन करोड़ से अधिक महिलाओं ने उठाया है। इसे सुविधा को जारी रखने का प्रस्ताव करते हुए सिसोदिया ने वर्ष 2022-23 के बजट में 250 करोड़ रुपए आवंटित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अक्तूबर 2019 से डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध करा रही है।

करावल नगर में 100 करोड़ की लागत से बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर: वित्त मंत्री ने बजट सत्र के दौरान कहा कि करावल नगर में 100 करोड़ की लागत से एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार करेगी। सिसोदिया ने बजट भाषण में कहा कि डीएमआरसी करावल नगर, घोंडा और मंगल पांडे मार्ग के बृजपुरी जंक्शन पर एलिवेटेड कारिडोर सहित फ्लाईओवर का निर्माण कार्य कर रही है। इसके लिए 100 करोड़ रुपए के परिव्यय का प्रस्ताव है।

11 हजार वाई-फाई: सिसोदिया ने बजट सत्र के दौरान कहा कि सरकार दिल्ली के नागरिकों के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में करीब 11,000 मुफ्त वाई-फाई और हॉटस्पॉट स्थापित कर चुकी है। औसतन 4.1 लाख लोग प्रतिदिन इन सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं।

पहली बार बसों का बेड़ा 7000 के पार: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पहली बार बसों का बेड़ा 7003 की संख्या पर पहुंचा है। अब तक दिल्ली के इतिहास में यह सबसे बड़ी बसों की संख्या है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट विभाग ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नई गाड़ियों की खरीद के बाद लोगों को अपनी आरसी लेने के लिए लोगों को अपनी आरसी लेने के अब चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। इसी तरह का एक और प्रोग्रेसिव कदम लर्निंग लाइसेंस बनाने की दिशा में भी उठाया गया है। अब दिल्ली में लर्निंग लाइसेंस बनाने के इच्छुक लोगों को विभाग में नहीं आना पड़ता। चेहरा पहचानने वाले सॉफ्टवेयर की मदद से आम लोग अपना लर्निंग लाइसेंस घर बैठे बनवा रहे हैं।

Next Story