दिल्ली-एनसीआर

गणतंत्र दिवस से पहले Noida- Ahmedabad के स्कूलों में बम की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई

nidhi
23 Jan 2026 10:31 AM IST
गणतंत्र दिवस से पहले Noida- Ahmedabad के स्कूलों में बम की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई
x
स्कूलों में बम की धमकी

New Delhi: देश में सुरक्षा एजेंसियां उस समय अलर्ट मोड पर आ गईं, जब शुक्रवार (23 जनवरी) को नोएडा और अहमदाबाद के कई स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। नोएडा में स्थित शिव नादर स्कूल को भी धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं और एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली करा लिया गया।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल की इमारतों में गहन तलाशी अभियान और सिक्योरिटी चेक चलाया। हर कक्षा, कॉरिडोर और परिसर के अन्य हिस्सों की जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध चीज़ बरामद नहीं हुई है।
अहमदाबाद में भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब देश में रिपब्लिक डे से ठीक तीन दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी है। इसी वजह से एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहतीं और हर धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है और साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है। अधिकारियों ने अभिभावकों और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, साथ ही कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की जांच कर रही हैं।

Next Story