- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- बीएमएल मुंजाल...
बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय में संस्थापक की विरासत को किया नमन

नई दिल्ली: भविष्य के आवागमन से जुड़ी चुनौतियों पर उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों को साथ लाने की पहल बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख हिस्सा रही। गुरुग्राम परिसर में आयोजित एसएएआर-2026 के दौरान 16 संगठनों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने ऐसी चुनौतियां रखीं, जिन पर विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य और विद्यार्थी शोध तथा संयुक्त परियोजनाओं के माध्यम से काम करेंगे।
विश्वविद्यालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल की स्मृति में एसएएआर—शोकेस ऑफ एक्शन, अचीवमेंट एंड रिफ्लेक्शन—का दूसरा संस्करण आयोजित किया गया। इसमें उद्योग, सरकार, शिक्षा, परोपकार और कला क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों एवं विचारकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में रॉकमैन इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक एवं हीरो इलेक्ट्रॉनिक्स के उपाध्यक्ष उज्ज्वल मुंजाल मुख्य अतिथि रहे। अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शिवकुमार कल्याणरमन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आयोजन के अंतर्गत ‘सारांश’ नेतृत्व परिचर्चा का विषय “आवागमन के भविष्य की नई परिकल्पना: प्रौद्योगिकी, समावेशन और सामाजिक प्रभाव” रहा। इस बंद-द्वार सत्र में प्रतिनिधियों ने आवागमन से जुड़ी समस्याओं और उनके संभावित समाधान में उद्योग-शिक्षा सहयोग की भूमिका पर चर्चा की।
विश्वविद्यालय के अनुसार, बॉश के सहयोग और एसोचैम की सहभागिता में आयोजित परिचर्चा की अध्यक्षता कस्टमाइज्ड एनर्जी सॉल्यूशंस के ई-मोबिलिटी निदेशक गुरूशरण ढिल्लों ने की। बीएमयू के रणनीति एवं विकास उपाध्यक्ष डॉ. दविंदर सिंह ने सह-अध्यक्षता की।
मारुति सुजुकी, बॉश, रॉकमैन, एथर, स्पार्क मिंडा, एसोचैम, सीएसआरबॉक्स, जेबीएम ग्रुप, संधार टेक्नोलॉजीज, वेकोमोकॉन टेक्नोलॉजीज और यूनो मिंडा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी चुनौतियां प्रस्तुत कीं। इन चर्चाओं के आधार पर एसोचैम के सहयोग से एक विस्तृत शोध दस्तावेज भी तैयार किया जाएगा।
हीरो ग्रुप की गैर-लाभकारी पहल बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय की स्थापना डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल के नाम पर की गई थी। विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग, प्रबंधन, लिबरल स्टडीज और कानून सहित विभिन्न क्षेत्रों में पाठ्यक्रम संचालित करता है।





