दिल्ली-एनसीआर

लोकसभा चुनाव में हार-जीत के विवाद में हुई मारपीट में घायल भाजपा समर्थक की मौत

Tara Tandi
23 April 2024 6:26 AM GMT
लोकसभा चुनाव में हार-जीत के विवाद में हुई मारपीट में घायल भाजपा समर्थक की मौत
x
नोएडा : लोकसभा चुनाव में हार-जीत के विवाद में सपा समर्थकों की पिटाई से घायल भाजपा समर्थक ने सोमवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। भाजपा समर्थक दादरी के बंबावड़ गांव निवासी फिरे उर्फ धीरेंद्र सिंह की मौत के बाद माहौल संवेदनशील हो गया। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को गांव में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। जिसमें मांगेराम और दर्शन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बंबावड़ गांव में फिरे उर्फ धीरेंद्र सिंह परिवार के साथ रहते थे। वह भाजपा समर्थक थे। वहीं गांव निवासी दर्शन और मांगेराम समाजवादी पार्टी के समर्थक हैं। 15 अप्रैल की शाम को धीरेंद्र की दर्शन समेत अन्य से लोकसभा चुनाव में हार-जीत को लेकर बहस हो गई थी। दोनों पक्ष में हुई बहस ने तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ने पर दर्शन पक्ष ने धीरेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल धीरेंद्र को कस्बे के ही रेलवे रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दर्शन, मांगेराम, आजाद और रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मामले में मांगेराम और दर्शन को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि जबकि आजाद व रोहित फरार हो गए थे। इधर अस्पताल में भर्ती धीरेंद्र की हालत गंभीर हो गई। दो दिन पहले उन्हें निजी अस्पताल से कासना स्थित राजकीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। धीरेंद्र की मौत की खबर पहुंचते ही माहौल संवेदनशील हो गया।
फरार आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक मामले में फरार दो आरोपियों आजाद और रोहित की तलाश जारी है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि गांव में शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस लगातार गश्त कर हालात पर नजर रख रही है।
कंबोडिया के बाद थाईलैंड और नेपाल बना साइबर ठगी का अड्डा
कंबोडिया के बाद अब थाईलैंड और नेपाल भी साइबर ठगी का अड्डा बन गया है। इन देशों में बैठे जालसाज भारतीय सिम कार्ड से फोन कर साइबर ठगी कर रहे हैं। कंबोडिया के साथ इन दोनों में देशों में भी भारतीय सिम कार्ड की मांग बढ़ गई है। नोएडा एसटीएफ की ओर से साइबर फ्रॉड के मामले में गिरफ्तार किए गए नेपाली नागरिक सुनील खड़का से पूछताछ में इस तरह के कई अहम खुलासे हुए हैं। एसटीएफ की टीम गिरोह से जुड़े अन्य जालसाजों का पता लगा रही है। इसी मार्च में बिसरख पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा करते हुए चीन के नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि कंबोडिया में बैठे आरोपी साइबर जालसाजी का गिरोह चला रहे हैं। जांच में यह बात सामने आई थी कि कंबोडिया में भारतीय सिम कार्ड से देश के अलग-अलग शहरों में कॉल कर लोगों से ठगी की जा रही थी।
Next Story