दिल्ली-एनसीआर

एलपीजी किल्लत को भाजपा ने बताया अफवाह, विपक्ष ने कहा-जमीनी हकीकत गंभीर

SHIDDHANT
13 March 2026 8:11 PM IST
एलपीजी किल्लत को भाजपा ने बताया अफवाह, विपक्ष ने कहा-जमीनी हकीकत गंभीर
x
Delhi दिल्ली। एलपीजी संकट को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया, जबकि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि एलपीजी की किल्लत नहीं है। विपक्ष का दावा है कि अगर एलपीजी की किल्लत नहीं है तो लोगों की लंबी-लंबी लाइन कैसे लग रही है।
गैस संकट पर भाजपा सांसद मदन राठौर ने कहा कि सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है और प्रधानमंत्री ने भी जनता को आश्वासन दिया है कि किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है। चाहे पेट्रोल हो, डीजल हो या गैस, हमारे पास पर्याप्त भंडार मौजूद है और उत्पादन भी बढ़ाया है, फिर भी विपक्ष हंगामा कर रहा है। विपक्ष को सुर्खियों में आना है और सिर्फ नाटक करना है। जनता में अफवाह फैलाना ही उनका एकमात्र काम है। जनता विपक्ष के चरित्र को जानती है। वह पीएम मोदी पर भरोसा करती है और उन्हें उनकी गारंटी पर भरोसा है।
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि जब भी देश किसी चुनौती का सामना करता है, तो राहुल गांधी खास तौर पर और विपक्ष आम तौर पर, उस विवाद या राष्ट्रीय चुनौती का इस्तेमाल अपनी तात्कालिक छोटी-मोटी राजनीति के लिए करने के मकसद से देश में घबराहट पैदा करने की कोशिश करते हैं। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीति का एक बेहद गैर-जिम्मेदाराना तरीका है।
सपा सांसद इकरा चौधरी ने कहा कि सरकार तो गैस संकट पर कुछ भी कह रही है। हमारा काम यह है कि जो
जनता
की असल समस्या है, उससे सरकार को अवगत कराएं। फिलहाल संकट जो देश पर मंडरा रहा है, उस पर सरकार जनता को जवाब दे। सत्ता पक्ष बहुत शांति से चाहते हैं कि जो सेट एजेंडा है उस पर चर्चा होनी चाहिए। मुझे लगता है कि देश में एलपीजी सिलेंडर को लेकर जो समस्या है, उस पर चर्चा होनी चाहिए। सेट हुए एजेंडे पर चर्चा करने के लिए काफी समय है।
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि सरकार हर मामले में झूठ बोलती है। इस मामले में भी झूठ बोल रही है, जमीनी सच्चाई से उन्हें अवगत होना होगा। आज पूरा देश एलपीजी की किल्लत से जूझ रहा है। गृहिणियों को परेशानी हो रही है। मासूमों को समय पर भोजन नहीं मिल रहा है। सरकार कह रही है कि कोई दिक्कत नहीं है तो लाइनें क्यों लग रही हैं?कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि सरकार को समझ नहीं आ रहा है कि जो वर्तमान में संकट सामने है, इससे कैसे बचा जाए। बस बड़ी-बड़ी बातें करते हैं कि कोई संकट नहीं है।
Next Story