- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Noida में बड़ी...
Noida में बड़ी कार्रवाई, क्रेडिट कार्ड के जरिए चल रहा था ठगी का खेल

Noida नोएडा : थाना साइबर क्राइम पुलिस ने 21.27 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि वे साइबर अपराधियों को अपने क्रेडिट कार्ड 10 से 20 प्रतिशत कमीशन पर उपलब्ध कराते थे, जिनके माध्यम से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर किया जाता था।डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 जुलाई 2026 को अभिसूचना संकलन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सचिन कुमार, शहनवाज शेख, शिवम पाण्डेय और शुभम कुमार सिंह को नोएडा से गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि साइबर ठगों ने आईजीएल कंपनी का कर्मचारी बनकर पीड़ित को बिल भुगतान के नाम पर एक फर्जी लिंक भेजा था। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक का उपयोग किया, उसके मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लिया गया और उसके बैंक खाते से करीब 21.27 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई।पुलिस जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी साइबर अपराधियों को अपने क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराकर कमीशन लेते थे। आरोपी सचिन कुमार के कार्ड में ठगी की 1,49,490 रुपये की राशि ट्रांसफर हुई, जबकि शहनवाज शेख के कार्ड में 2,56,000 रुपये और 2,22,000 रुपये सहित कुल 4,78,000 रुपये की राशि आई।
इसके अलावा आरोपी शिवम पाण्डेय और शुभम कुमार के खातों में भी साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की गई, जिसमें अब तक लगभग 6.5 लाख रुपये की पुष्टि हुई है।डीसीपी ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले में जुड़े साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।





