- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली गैंगरेप केस में...
दिल्ली गैंगरेप केस में DNA रिपोर्ट का इंतजार फोरेंसिक सबूत बनेंगे अहम कड़ी

नई दिल्ली: दिल्ली-नोएडा रूट पर चलती स्लीपर बस में नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले की जांच में अब फोरेंसिक और डीएनए रिपोर्ट को बेहद अहम माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच से आरोपियों के खिलाफ सबूतों को और मजबूत किया जा सकेगा। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने बस से कई अहम नमूने और साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के सामने इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती घटनाक्रम की पूरी कड़ी को वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए जोड़ना है। बस में लगे सीसीटीवी कैमरे घटना के समय काम नहीं कर रहे थे, इसलिए जांचकर्ताओं के लिए फोरेंसिक सबूतों की भूमिका और बढ़ गई है। पुलिस ने बस की तलाशी लेकर कई संभावित साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। जांच में फिंगरप्रिंट से भी अहम सुराग मिला है। पुलिस के मुताबिक, फिंगरप्रिंट साक्ष्यों से दोनों आरोपियों की बस में मौजूदगी की पुष्टि हुई है। हालांकि, डीएनए रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है कि घटनास्थल से मिले जैविक नमूनों का आरोपियों से कोई संबंध है या नहीं।





