दिल्ली-एनसीआर

16 साल की किशोरी की हत्या के प्रयास, दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

Rani Sahu
27 Aug 2022 1:05 PM GMT
16 साल की किशोरी की हत्या के प्रयास, दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
x
16 साल की किशोरी की हत्या के प्रयास
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में 16 वर्षीय एक किशोरी की हत्या के प्रयास के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी को अभी गिरफ्तार किया जाना है। उन्होंने कहा कि किशोरी सोशल मीडिया के जरिये व्यक्ति के संपर्क में आई थी और दोनों अलग-अलग समुदायों के हैं। पीड़िता देवली रोड पर स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा है और उसे कंधे पर गोली लगी। किशोरी ने पुलिस को बताया कि जब वह स्कूल से वापस आ रही थी तब तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर उसका पीछा कर रहे थे। संगम विहार बी ब्लॉक के पास एक व्यक्ति ने उस पर गोली चलाई और तीनों मौके से भाग निकले।
किशोरी ने कहा कि वह एक हमलावर को जानती है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) बेनिटा मैरी जयकर ने बताया कि किशोरी ने एक हमलावर की पहचान अरमान अली के रूप में की है जो दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिये उसके संपर्क में आया था।
डीएसपी ने कहा कि किशोरी ने छह महीने पहले अली से बात करना बंद कर दिया था लेकिन वह लगातार उसका पीछा करता रहा। पुलिस ने कहा कि बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजकर 45 मिनट पर सूचना मिली कि संगम विहार में एक किशोरी को गोली मार दी गई है। घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान संगम विहार के के. ब्लॉक से बॉबी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बॉबी से पूछताछ के आधार पर पवन उर्फ सुमित को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के पास से हथियार बरामद किये गए हैं। दिल्ली महिला आयोग ने शुक्रवार को पुलिस को नोटिस जारी कर इस मामले में की गई कार्रवाई पर रिपोर्ट तलब की है।

अमृत विचार।

Next Story