दिल्ली-एनसीआर

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के ऑपरेशन लोटस‌ को किया फेल

Admin Delhi 1
25 Aug 2022 11:41 AM GMT
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के ऑपरेशन लोटस‌ को किया फेल
x

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल ने भाजपा का ऑपरेशन लोटस‌ फेल कर दिया है। दिल्ली की सरकार को कोई खतरा नहीं है। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आज 'आप' विधायकों की बैठक हुई। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से कहा है कि हम सब लोग आखरी सांस तक अरविंद केजरीवाल के साथ हैं। भाजपा ने आज खबर फैलाई कि आज बहुत सारे 'आप' विधायक बैठक में नहीं आएंगे, जो गलत साबित हुई। बैठक में 12 विधायकों ने बताया कि हमसे भाजपा के व्यक्ति ने संपर्क किया कि आप आम आदमी पार्टी तोड़कर भाजपा में आ जाइए। भाजपा ने हमारे 40 विधायकों को 20-20 करोड़ में खरीदने पर नजर लगा रखी थी, देश जानना चाहता है कि 40 विधायकों को 20-20 करोड़ के हिसाब से देने के लिए 800 करोड़ रुपए कहां से आया? अदालत में विधायकों की गवाही सबूत मानी जाती है। समय आने पर देश के सामने ऐसे-ऐसे सबूत रखेंगे कि भाजपा नेताओं के पैरों के नीचे से ज़मीन खिसक जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में फैसला लिया गया कि सभी विधायक साथी और मुख्यमंत्री महात्मा गांधी की समाधी पर जाएंगे। वहां देश के लिए प्रार्थना करेंगे कि ऑपरेशन लोटस से महात्मा गांधी देश को बचाएंं। महात्मा गांधी ने देश को अंग्रेजों से बचाया था अब वही ऑपरेशन लोटस से देश को बचाएं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आज आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों को 11 बजे बुलाया गया। 'आप' विधायक 10 बजे से ही सीएम आवास पर पहुंचने लग गए। करीब 45 मिनट तक चली बैठक के बाद सभी विधायकों ने एकमत होकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल में विश्वास जताया और कहा कि हम मरते दम तक साथ रहेंगे।‌ इसके बाद आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने सीएम आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम आवास पर आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों को बुलाया। पिछले कुछ दिनों से आरोप लगा रहे हैं कि दिल्ली के अंदर बहुत बड़ा एक्साइज का घोटाला हुआ है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उसके सबसे बड़े आरोपी हैं। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ताओं ने पहले ही कह दिया कि अब मनीष सिसोदिया के ऊपर सीबीआई और ईडी का चंगुल कसा जाएगा। ठीक उसी तरह सीबीआई ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ एक पेज की एफआईआर दर्ज की है। हालांकि उस एफआईआर के अंदर सब कुछ सूत्रों के हवाले से है। मगर उस एफआईआर के आधार पर मनीष सिसोदिया जी के निवास, उनके पैतृक गांव सहित 31 जगह सीबीआई ने छापा मारा है। उस छापे में सीबीआई को पैसा, सोना, बेनामी संपत्ति और किसी तरह का कोई दस्तावेज नहीं मिला है। इसके बावजूद मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करने की खबरें हर बहस में भाजपा के प्रवक्ता कर रहे हैं। मनीष सिसोदिया जी के ऊपर इतना दवाब सिर्फ इसलिए बनाया गया क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने उनको ऑफर दिया कि आप आम आदमी पार्टी के तोड़कर भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो आपको दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। आपके ऊपर जितने भी मुकदमे‌ हैं, उनको रफा-दफा कर दिया जाएगा। इसके बाद हमारे चार विधायकों ने बताया कि भाजपा 20- 20 करोड़ रुपए का प्रलोभन देकर दिल्ली सरकार को गिराना चाह रही है। भाजपा की तरफ से दिल्ली के गली मोहल्लों में कहा जाने लगा कि अब अरविंद केजरीवाल की सरकार गिरने वाली है। उसी सिलसिले में आज सभी विधायकों को बुलाया गया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वालों ने आज सुबह से शोर मचाना शुरू कर दिया कि आम आदमी पार्टी अपने विधायकों से संपर्क करना चाह रही है लेकिन विधायक आ नहीं रहे हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक संपर्क में ही नहीं हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल घबराकर कह रहे हैं कि सभी को मेरे घर बुलाओ, तब मुझे यकीन आएगा। यह सरासर झूठ है। भाजपा अफवाह फैलाकर एक चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। भारतीय जनता पार्टी का ऑपरेशन लोटस आज दिल्ली के अंदर अरविंद केजरीवाल ने फेल कर दिया है। मुख्यमंत्री के आवास पर 62 में से 53 विधायक मौजूद थे। स्पीकर विदेश गए हैं और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हिमाचल प्रदेश गए हुए हैं। इसके अलावा बाकि विधायक विनय मिश्रा, दिनेश मोहनिया, मुकेश अहलावत, गुलाब सिंह यादव, शिवचरण गोयल और अमानतुल्लाह फोन के जरिए बैठक में शामिल हुए। सभी विधायकों में से 12 ने बताया कि हमसे भाजपा के किसी न किसी व्यक्ति ने संपर्क किया कि आप आम आदमी पार्टी तोड़कर भाजपा में आ जाइए। सभी विधायकों ने आज कहा है कि हम सब लोग आखरी सांस तक अरविंद केजरीवाल के साथ हैं। दिल्ली की सरकार स्थिर है और कोई खतरा नहीं है। बैठक में फैसला लिया गया कि सभी विधायक साथी और मुख्यमंत्री महात्मा गांधी की समाधी पर जाएंगे। उनसे प्रार्थना करेंगे और ध्यान करेंगे। देश के लिए प्रार्थना करेंगे कि ऑपरेशन लोटस से महात्मा गांधी देश को बचाएंं। महात्मा गांधी ने देश को अंग्रेजों से बचाया था अब वही ऑपरेशन लोटस से देश को बचाएं।

विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के जितने भी प्रवक्ताओं की बात सुनेंगे या पटपड़गंज में जो कल भाजपा ने सभा की उसे देखेंगे तो कह रहे हैं कि एक्साइज के अंदर डेढ़ लाख करोड़ रुपए का घोटाला हो गया है। मनोज तिवारी कहते हैं कि 8 हजार करोड रुपए और दूसरे प्रवक्ता कहते हैं कि 10 हजार करोड रुपए का घोटाला हो गया। वहीं भाजपा नेता शहजाद पूनावाला कहते हैं कि 144 करोड़ का घोटाला हो गया। वहीं 2 दिन पहले गौरव भाटिया कह रहे थे कि 30 करोड़ का घोटाला है। जबकि सीबीआई की एफआईआर में है कि 1 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। वह घोटाला भी क्या है कि एक शराब के कारोबारी ने दूसरे शराब के कारोबारी को चैक से एक करोड़ पर ट्रांसफर किए हैं। वह कह रहे हैं कि यह घोटाला है कि मनीष सिसोदिया के पास पैसा गया है। हास्यास्पद बात है कि कभी देश में नहीं सुना कि 1 करोड़ रुपए की रिश्वत बैंक से मंत्री को दी जाती हो। सीबीआई की पूरी की पूरी एफआईआर हास्यास्पद है।

उन्होंने कहा कि हमारे 40 विधायकों को 20-20 करोड़ में खरीदने की नजर भाजपा ने लगा रखी थी। यह 40 विधायकों को तोड़ना चाहते थे। मैं इनसे जानना चाहता हूं कि 40 विधायकों का 20 करोड़ के हिसाब से 800 करोड़ रुपए कहां से आया। यह काला धन है और इसे कहां छुपा कर रखा है। क्या देश की सीबीआई-ईडी ढूंढेंगी और इनका पर्दाफाश करेगी? महाराष्ट्र के अंदर कल 50 खोखा- 50खोखा की आवाज लगाई गई। भारतीय जनता पार्टी के पास 1750 करोड़ रुपए कहां से आया।

Next Story