दिल्ली-एनसीआर

तीन फ्लाईओवरों के मरम्मत कार्य को दी गई मंजूरी, जल्द होगा शुरू: दिल्ली सरकार

Admin Delhi 1
24 April 2022 7:28 AM GMT
तीन फ्लाईओवरों के मरम्मत कार्य को दी गई मंजूरी, जल्द होगा शुरू: दिल्ली सरकार
x

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली सरकार ने तीन फ्लाईओवरों के मरम्मत व रखरखाव कार्य को मंजूरी दी है। इनमें नांगलोई, मायापुरी फ्लाईओवरों के साथ हनुमान सेतु शामिल है। इस कार्य पर पांच करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को इन फ्लाईओवरों के रखरखाव कार्य को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को समय पर और इस तरह अंजाम दिया जाए कि जिससे आम जनता को आवागमन में परेशानी नहीं हो। इस दौरान सिसोदिया ने अधिकारियों से फ्लाईओवरों के नियमित रखरखाव के लिए किए गए उपायों के बारे में भी पूछा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि वर्तमान में जिन फ्लाईओवरों पर काम चल रहा है, वहां भी जनता को परेशानी से बचाने के लिए पूरी तरह ध्यान दिया जाए।

उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) फ्लाईओवररों के मरम्मत व रखरखाव का भी काम करता है। दिल्ली में फ्लाईओवरों पर यातायात का अत्यधिक दबाव है। जिसके कारण फ्लाईओवरों की मरम्मत की जरूरत भी महसूस होती है, जिसके लिए निरंतर काम चलता रहता है। इस समय 52.35 करोड़ रुपए की लागत से छह फ्लाईओवर की मरम्मत का काम चल रहा है। जबकि पीडब्ल्यूडी ने 18 अन्य फ्लाईओवरों के तकनीकी सर्वे की प्रक्रिया शुरू की हुई है। ये सभी फ्लाईओवर 2005 से पहले के हैं। इस सर्वे में यह पता लगाया जाएगा कि किस फ्लाईओवर में क्या-क्या काम कराने की जरूरत है। इसके बाद इन फ्लाईओवरों की भी मरम्मत कराई जाएगी।

सरकार ने इन फ्लाईओवरों के मरम्मत को दी मंजूरी:

नांगलोई फ्लाईओवर के एक्सपेंशन ज्वाइंट का रिप्लेसमेंट, लागत 1,41,25,400 रूपए

हनुमान सेतु फ्लाईओवर का मरम्मत व पुनर्सुधार, लागत 2,30,69,932

मायापुरी फ्लाईओवर का मरम्मत व पुनर्सुधार, लागत 1,98,63,700

इन फ्लाईओवरों का पहले से चल रहा है मरम्मत कार्य

पुल मिठाई फ्लाईओवर, लागत 4,65,70,283 रूपए

ओखला फ्लाईओवर, लागत 4,50,71,350

जनक सेतु फ्लाईओवर, लागत 4,05,56,787

ओबराय-लोधी रोड-चिराग दिल्ली फ्लाईओवर, लागत 6,15,03,216

आईएसबीटी कश्मीरी गेट फ्लाईओवर, लागत 15,99,94,891

नेहरु नगर फ्लाईओवर, लागत 11,27,94,885

Next Story