दिल्ली-एनसीआर

राहुल गांधी की यात्रा खत्म होने से एक दिन पहले अमित शाह हरियाणा और पंजाब में दिखाएंगे ताकत

Rani Sahu
16 Jan 2023 2:05 PM GMT
राहुल गांधी की यात्रा खत्म होने से एक दिन पहले अमित शाह हरियाणा और पंजाब में दिखाएंगे ताकत
x
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 29 जनवरी को पंजाब और हरियाणा में रैली करेंगे। सूत्रों ने बताया कि 29 तारीख को शाह हरियाणा में सोनीपत के गोहाना में रैली करेंगे। इसी दिन अमित शाह पटियाला भी जा सकते हैं। बता दें कि इसके एक दिन बाद यानी 30 जनवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा समाप्त हो रही है।
हरियाणा में भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव की बिसात बिछानी शुरू कर दी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का प्रभाव खत्म करने को पार्टी आलाकमान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हरियाणा में उतारने का निर्णय लिया है। जानकारी के मुताबिक उनकी पहली रैली 29 जनवरी को सोनीपत के गोहाना में होगी। इसके लिए राज्य भाजपा ने बड़े पैमाने पर तैयारी भी शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी तरफ अमित शाह इसी दिन पंजाब का दौरा भी कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि शाह 29 जनवरी को पटियाला में रैली कर रहे हैं। पटियाला पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का गढ़ है। कैप्टन हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। विधानसभा चुनाव में हार के बाद यह कैप्टन का भी शक्ति प्रदर्शन होगा। हालांकि अमित शाह के पंजाब दौरे की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इस समय पंजाब में है। वहीं हरियाणा में भी राहुल गांधी की यात्रा को अच्छा समर्थन मिला था। इसी के प्रभाव को कम करने और 2024 लोकसभा की तैयारी के मद्देनजर अमित शाह ने कमान संभाली है। माना जा रहा है कि पंजाब और हरियाणा में भाजपा ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की संभावना के तहत काम कर रही है।
--आईएएनएस
Next Story