- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- परिसीमन पर सियासी हलचल...
दिल्ली-एनसीआर
परिसीमन पर सियासी हलचल के बीच मेघवाल ने साझा किया नया खाका! यूपी में 120 तो छत्तीसगढ़ में 16 सीटों का प्रस्ताव
Shubhra Nandy
29 Nov 2026 8:27 AM IST

x
संसद में बढ़ेगी राज्यों का प्रतिनिधित्व
नई दिल्ली : देश में लोकसभा के मौजूदा स्वरूप में बड़े बदलाव की संभावनाओं के बीच केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने परिसीमन से संबंधित प्रस्तावित सीट वितरण का खाका साझा किया है। इसके अनुसार, संसद के निचले सदन की सदस्य संख्या वर्तमान 543 से बढ़कर 816 हो सकती है। यदि यह प्रस्तावित व्यवस्था लागू होती है, तो लोकसभा में 273 अतिरिक्त सीटें जुड़ सकती हैं। नए खाके में उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक 120 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में पांच और मध्य प्रदेश में 14 अतिरिक्त लोकसभा सीटों का प्रस्ताव दिखाया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने साझा किया राज्यवार सीटों का गणित
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 28 नवंबर को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘Redrawing India's Lok Sabha Landscape’ शीर्षक से एक इन्फोग्राफिक साझा किया। इसमें देश के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों की वर्तमान लोकसभा सीटों के साथ प्रस्तावित सीटों का विवरण दिया गया है। मेघवाल ने प्रस्तावित परिसीमन ढांचे को भारत के संसदीय परिदृश्य में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण से संबंधित हैशटैग का भी इस्तेमाल किया। साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, लोकसभा की सदस्य संख्या में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। इसमें राज्यों के हिस्से में 789 और केंद्रशासित प्रदेशों के हिस्से में 27 सीटें दिखाई गई हैं।
छत्तीसगढ़ में पांच और मध्य प्रदेश में 14 अतिरिक्त सीटों का प्रस्ताव
प्रस्तावित परिसीमन के आंकड़े छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 11 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। नए खाके में इनकी संख्या बढ़ाकर 16 करने का प्रस्ताव दिखाया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश की मौजूदा 29 लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 43 हो सकती है। राजस्थान में भी संसदीय प्रतिनिधित्व बढ़ने का अनुमान है। राज्य की वर्तमान 25 सीटों के मुकाबले प्रस्तावित खाके में 38 सीटें दिखाई गई हैं।हालांकि, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में संभावित नए निर्वाचन क्षेत्रों के नाम, सीमाओं और जिलावार वितरण की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
उत्तर प्रदेश को मिल सकती हैं सर्वाधिक 120 सीटें
केंद्रीय मंत्री द्वारा साझा किए गए प्रस्तावित वितरण में उत्तर प्रदेश सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाला राज्य बना रहेगा। वर्तमान में उत्तर प्रदेश से 80 सांसद लोकसभा के लिए चुने जाते हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में यह संख्या बढ़कर 120 हो सकती है। महाराष्ट्र में 24 अतिरिक्त सीटों के साथ कुल संख्या 72 होने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल में 42 से बढ़ाकर 63 और बिहार में 40 से बढ़ाकर 60 सीटों का प्रस्ताव दिखाया गया है। दक्षिण भारत के राज्यों में भी सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। तमिलनाडु में 59, कर्नाटक में 42, आंध्र प्रदेश में 38, केरल में 30 और तेलंगाना में 26 सीटें दिखाई गई हैं।
दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में भी बढ़ सकती हैं सीटें
प्रस्तावित परिसीमन में केंद्रशासित प्रदेशों के संसदीय प्रतिनिधित्व में भी बदलाव दिखाया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वर्तमान सात लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 11 हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में पांच के स्थान पर सात लोकसभा सीटों का प्रस्ताव है। चंडीगढ़ और पुडुचेरी में वर्तमान में एक-एक लोकसभा सीट है। प्रस्तावित व्यवस्था में दोनों केंद्रशासित प्रदेशों में दो-दो सीटें हो सकती हैं।
चार केंद्रशासित प्रदेशों में बदलाव का प्रस्ताव नहीं
मेघवाल द्वारा साझा किए गए खाके में चार केंद्रशासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों की संख्या यथावत रखने का प्रस्ताव है। दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में दो सीटें बरकरार रह सकती हैं। वहीं, लद्दाख, लक्षद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में एक-एक सीट बनाए रखने का प्रस्ताव दिखाया गया है।
क्या है परिसीमन और आम मतदाताओं के लिए क्यों महत्वपूर्ण है?
परिसीमन एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से निर्धारित संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और प्रतिनिधित्व का पुनर्निर्धारण किया जाता है। इस प्रक्रिया में जनसंख्या सहित निर्धारित आधारों को ध्यान में रखा जाता है। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव होने से संसद में राज्यों के प्रतिनिधित्व तथा चुनावी व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
अभी प्रस्तावित है सीटों का नया खाका
लोकसभा में 816 सीटों से संबंधित आंकड़े फिलहाल प्रस्तावित व्यवस्था को दर्शाते हैं। इन्हें अंतिम सीट आवंटन या परिसीमन लागू करने का आधिकारिक आदेश नहीं माना जाना चाहिए। प्रस्तावित ढांचे को लेकर आगे होने वाली संसदीय, संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाएं महत्वपूर्ण होंगी। नए निर्वाचन क्षेत्रों की वास्तविक संख्या, नाम और भौगोलिक सीमाओं की स्थिति अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





