दिल्ली-एनसीआर

वैश्विक तनाव के बीच सरकार पूरी तरह सजग, विपक्ष नहीं करे राजनीति : मनन मिश्रा

SHIDDHANT
29 March 2026 9:58 PM IST
वैश्विक तनाव के बीच सरकार पूरी तरह सजग, विपक्ष नहीं करे राजनीति : मनन मिश्रा
x
Delhi दिल्ली। मध्य पूर्व में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध को लेकर देश में राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने रविवार को दावा किया कि भारत सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पूरे विश्व में युद्ध और संकट की स्थिति है, उससे भारत को निपटना है। इस स्थित में देश में सभी पार्टियों और नागरिकों का साथ चाहिए। ऐसे में प्रधानमंत्री ने सही कहा कि जो स्थिति उत्पन्न हुई है, उसके लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है। सरकार अपना काम कर रही है। किसी भी अफवाह और रास्ता भटकाने के चक्कर में नहीं आना है।"
उन्होंने कहा, "लोगों को शांति और धैर्य से काम लेना है। हम जैसे कोरोना की स्थिति से बाहर निकले थे, वैसे ही इस स्थिति से भी बाहर निकलेंगे। पीएम मोदी लगातार प्रयासरत हैं कि नागरिकों को गैस और तेल का कोई संकट नहीं हो। पूरा विश्व जानता है कि ऐसी विकट स्थिति से अगर कोई निपट सकता है और विश्व में शांति लाने का सफल प्रयास कर सकता है तो वह पीएम मोदी ही हैं। ऐसे हालात में सभी की जिम्मेदारी है कि सरकार का हाथ मजबूत करें, ताकि अमन, चैन और शांति बने रहे और देश को दिक्कत नहीं हो।"
भाजपा नेता ने विपक्ष को घेरते हुए कहा, "ऐसी स्थिति में राजनीति नहीं करनी चाहिए। किसी भी लोकतांत्रिक देश में हमने नहीं देखा है कि इस स्थिति में वहां का विपक्ष राजनीति करे या फिर कोई भ्रम फैलाए। यह भारत में ही देखने को मिल रहा है, जबकि सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है कि हमारे नागरिकों को दिक्कत न हो। ममता बनर्जी अब समझ चुकी हैं कि उनके हाथ से पश्चिम बंगाल निकलने वाला है और वहां पर भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्हें पता है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जड़ें काफी मजबूत हो गई हैं। लोगों ने मन बना लिया है कि प्रदेश से टीएमसी की सरकार को उखाड़ फेंकना है और सरकार बदलनी है।"
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रैली निकालने को लेकर कहा, "अखिलेश यादव या राहुल गांधी की कथनी में जमीन और आसमान का फर्क होता है। इन लोगों ने भ्रम और अफवाह फैलाने और समाज में अशांति और अराजकता फैलाने का ठेका ले रखा है। वे लोग सिर्फ अशांति में विश्वास रखते हैं। उनकी किसी भी बात का फर्क उत्तर प्रदेश की सरकार पर पड़ने वाला नहीं है।"
Next Story